Mohsin Naqvi : एशिया कप 2026 का फाइनल अभी खेला भी नहीं गया है, लेकिन ट्रॉफी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वजह हैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी । रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 13 सितंबर को होने वाले महिला एशिया कप फाइनल में चीफ गेस्ट के तौर पर मौजूद रहेंगे। ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम खिताब जीतती है, तो एक बार फिर ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं।

2025 में क्या हुआ था?
पिछले साल पुरुष एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया। मोहसिन नकवी उस समय ACC अध्यक्ष होने के साथ PCB चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी थे।
भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय पक्ष चाहता था कि किसी दूसरे अधिकारी के हाथों ट्रॉफी दी जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। आखिरकार टीम इंडिया ट्रॉफी के बिना ही जश्न मनाकर लौट गई, बाद में ट्रॉफी को दुबई स्थित ACC कार्यालय में रखा गया और इसे लेकर विवाद काफी दिनों तक चलता रहा।
अब फिर सामने आया वही सवाल
अब 2026 महिला एशिया कप के फाइनल में मोहसिन नकवी की मौजूदगी ने पुराने विवाद की यादें ताजा कर दी हैं। भारतीय महिला टीम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है और पाकिस्तान को भी करारी शिकस्त दे चुकी है। ऐसे में अगर भारत फाइनल जीतता है तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि ट्रॉफी किसके हाथों से उठाई जाएगी।
फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड या टीम इंडिया की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि भारतीय महिला टीम ट्रॉफी लेने से इनकार करेगी। लेकिन 2025 का विवाद देखते हुए एशिया कप 2026 का फाइनल सिर्फ मैदान पर होने वाली भिड़ंत के लिए ही नहीं, बल्कि ट्रॉफी प्रेजेंटेशन के लिए भी सुर्खियों में रहने वाला है।



