Akash Deep Marriage: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने अपनी जिंदगी की एक खूबसूरत और नई पारी का आगाज कर दिया है. तिलक और हल्दी की पारंपरिक रस्मों के बाद, बुधवार को वो शादी के पवित्र बंधन में बंध गए हैं. आकाश दीप का यह आलीशान विवाह समारोह उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित किया गया. उन्होंने अक्षिता राज के साथ शादी रचाई है. इस खास मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और कई वीआईपी मेहमान इस जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे. इस दौरान बारात में टीम इंडिया के खिलाड़ी भी जमकर डांस करते हुए नजर आए.

बारात में मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद का धमाल
आकाश दीप की शादी का सबसे मजेदार और चर्चा में रहने वाला पल तब आया जब आकाश दीप की बारात निकली. अपने साथी खिलाड़ी की शादी को यादगार बनाने के लिए भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद भी बारात में शामिल हुए. दोनों ही क्रिकेटर्स बारात में पूरी तरह देसी रंग में रंगे नजर आए और उन्होंने जमकर डांस किया. मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद के इस धमाकेदार डांस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. क्रिकेट के मैदान पर अपनी गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों को नचाने वाले ये खिलाड़ी बारात में अपने डांस मूव्स से फैंस का दिल जीतते नजर आए.
इस हाईप्रोफाइल शादी में खेल, राजनीति और मनोरंजन जगत की कई नामी हस्तियों ने शिरकत की. शादी समारोह में भोजपुरी फिल्मों के पावरस्टार पवन सिंह भी पहुंचे. वहीं, वाराणसी में शादी समारोह से पहले आकाश दीप के गांव बड्डी में पिछले चार दिनों से शादी के रीतिरिवाज चल रहे थे, जिससे पूरे गांव में त्योहार जैसा माहौल बना हुआ था. इसके अलावा आकाश दीप के लिए यह हफ्ता दोहरी खुशियां लेकर आया है. शादी के बंधन में बंधने से ठीक चार दिन पहले ही बिहार सरकार ने खेल कोटे के तहत उन्हें पुलिस विभाग में डिप्टी एसपी के रूप में आधिकारिक नियुक्ति भी दी है.
आकाश दीप का इंटरनेशनल करियर
आकाश दीप ने साल 2024 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था. वो भारत के लिए अभी तक 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. इस दौरान आकाश दीप ने 28 विकेट हासिल किए हैं. वो एक बार मुकाबले में 10 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं. इसके साथसाथ उन्होंने आईपीएल के 14 मैचों में भी 10 विकेट चटकाए हैं. वहीं, घरेलू क्रिकेट में आकाश दीप बंगाल के लिए खेलते हैं.



