हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस अलग होने की तैयारी में हैं और आईपीएल की पांच बार की चैंपियन टीम को संभावित ट्रेड के लिए कम से कम दो प्रस्ताव मिले हैं जो शाहरुख खान के सहस्वामित्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स की ओर से आए हैं।
आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया कि नाइट राइडर्स के शीर्ष प्रबंधन और मुंबई इंडियंस के मालिकों के बीच खिलाड़ियों की अदलाबदली को लेकर कई बार बातचीत हुई है।

मुंबई इंडियंस में पंड्या की वापसी उतारचढ़ाव भरी रही है और उनकी कप्तानी में टीम सिर्फ एक बार प्लेऑफ में जगह बना पाई है।
सूत्र ने बताया, ‘‘अजिंक्य रहाणे केकेआर के लिए हमेशा से एक कामचलाऊ व्यवस्था थे और इस सत्र के बाद उन्हें रिलीज किया जाना तय था। केकेआर के बड़े अधिकारियों ने पिछले सत्र के आखिर में मुंबई इंडियंस के मालिकों से संपर्क किया था लेकिन उस समय रिलायंस की सालाना आम बैठक होने वाली थी इसलिए उस समय आईपीएल ट्रेड उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता नहीं थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि पता चला है कि केकेआर ने फिर से मुंबई इंडियंस के बड़े अधिकारियों से संपर्क किया है और इस बारे में कुछ दौर की बातचीत भी हुई है।’’
यह तय है कि अगर पंड्या पूरी तरह से नकद करार या खिलाड़ी की अदलाबदली के जरिए केकेआर में जाते हैं तो उन्हें कप्तानी मिल सकती है क्योंकि इस समय रिंकू सिंह सही विकल्प नहीं लग रहे हैं।
हालांकि जब पूछा गया कि मुंबई की टीम इस स्टार भारतीय ऑलराउंडर के लिए पूरी तरह नकद करार चाहती है या खिलाड़ी की अदलाबदली तो सूत्र ने इसकी पुष्टि नहीं की।

आईपीएल के नियमों में साफ कहा गया है कि कोई खिलाड़ी टीम छोड़ने को लेकर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ व्यक्तिगत रूप से कोई बातचीत नहीं कर सकता।
नियम के अनुसार बातचीत केवल फ्रेंचाइजी के बीच ही हो सकती है लेकिन यह भी कहा गया है कि खिलाड़ी की सहमति के बिना ट्रेड नहीं हो सकता। अगर खिलाड़ी सहमति नहीं देता है तो उसे रिलीज करके वापस नीलामी में भेजना होगा।

मुंबई को मिली दूसरी पेशकश यशस्वी जायसवाल और पंड्या के बीच अदलाबदली की बताई जा रही है लेकिन पक्के तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि बातचीत आगे बढ़ी है या नहीं।
हालांकि रॉयल्स की टीम असम के स्टार रियान पराग को लंबे समय के कप्तान के तौर पर देख रही है इसलिए पंड्या को कप्तानी की भूमिका मिलना मुश्किल होगा।
अगर पंड्या किसी अन्य टीम के साथ जुड़ते हैं तो राजस्थान रॉयल्स की तुलना में केकेआर फिलहाल कहीं अधिक बेहतर विकल्प लग रहा है।