Amravati Crime News: नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के हाजी वल्ली होटल चौक पर बारबार फोन करने का कारण पूछने से नाराज युवक ने व्यक्ति के पेट में चाकू घोंपकर उसे जान से मारने का प्रयास किया था। इस मामले में नागपुरीगेट की डीबी टीम ने आरोपी अबरार कासिफ अब्दुल साजिद 24, मुजफ्फरपुरा, अमरावती को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता शेख समीर शेख मुन्ना 32, वाहेद डी.एड. कॉलेज के पास, अमरावती मजदूरी का काम करते हैं। शुक्रवार 19 जून को दोपहर शेख समीर अपने बेटे अल्ताफ के साथ दुपहिया वाहन से हाजी वल्ली चौक पर बूंदी खरीदने आए थे।
फोन कॉल को लेकर विवाद बढ़ा
इस समय आरोपी कासिफ सुबह से ही समीर को फोन कर परेशान कर कर रहा था। जब समीर दोपहर में हाजी वल्ली चौक पहुंचे, तो वहां आरोपी कासिफ खड़ा दिखाई दिया। समीर ने कासिफ के पास जाकर उससे सीधे पूछा कि तुम बारबार फोन क्यों कर रहे हो यह बात सुनते ही आरोपी कासिफ आपे से बाहर हो गया और गुस्से में आकर उसने अपने पास रखा तेज धारदार चाकू निकाला और सीधे समीर के पेट पर नाभि के पास दे मारा।
अमरावती में युवक ने किया जानलेवा हमला
चाकू लगते ही समीर के पेट से तेजी से खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़े। पिता को देख उनका बेटा अल्ताफ रोने लगा। इसी बीच वहां से गुजर रहे पीड़ित के एक परिचित रिजवान ने तुरंत समीर को संभाला और एक ऑटो में बैठाकर इलाज के लिए इर्विन अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़े :
मजदूर गंभीर घायल
घटना की सूचना मिलते ही थाने के कर्मी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की मौजूदगी में इर्विन अस्पताल के आईसीयू वार्ड में शेख समीर का बयान दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। नागपुरीगेट डीबी के दानिश शेख और उनकी टीम ने सोमवार को आरोपी अबरार कासिफ अब्दुल साजिद को हिरासत में लिया है।



