Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली और शामली जिले की दो युवतियों की शादी का मामला इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. दोनों युवतियों ने एकदूसरे से प्रेम विवाह करने का दावा किया है. कहा है कि वे अपनी मर्जी से एकदूसरे के साथ जीवन बिताना चाहती हैं. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया है, लेकिन TV9 भारतवर्ष इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता. दोनों युवतियों ने साफ कहा है कि वे बालिग हैं और यह फैसला उन्होंने किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से लिया है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लड़कों में कोई रुचि नहीं है. वे आगे भी अपना जीवन एकदूसरे के साथ ही बिताना चाहती हैं.

नोएडा में हुई मुलाकात, धीरेधीरे प्यार में बदला रिश्ता

जानकारी के अनुसार, शामली जिले के भुटराड़ा गांव की रहने वाली प्रीति और बरेली की रहने वाली पायल की मुलाकात कुछ समय पहले नोएडा में हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरेधीरे यह रिश्ता गहराता चला गया. दोनों का कहना है कि पिछले करीब दो साल से वे एकदूसरे के संपर्क में हैं और इसी दौरान उन्होंने साथ रहने का निर्णय लिया. इसके बाद दोनों ने मुजफ्फरनगर में एक वकील की मदद से अपने रिश्ते को आगे बढ़ाया और कानूनी सहायता भी ली.

ये भी पढे़ं

वीडियो में बोलीं परिवार से जान का खतरा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों युवतियां साफ तौर पर कहती नजर आ रही हैं कि उन्हें अपने परिवार और समाज के कुछ लोगों से जान का खतरा है. उनका आरोप है कि परिवार उनके रिश्ते से खुश नहीं है और उन्हें धमकियां मिल रही हैं. इसी वजह से दोनों ने पुलिसप्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और पुलिस को शिकायत भी दी है. युवतियों का कहना है कि वे अपनी मर्जी से साथ रह रही हैं और किसी तरह का कोई दबाव या अपहरण का मामला नहीं है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें सुरक्षा दी जाए ताकि वे सुरक्षित रह सकें.

पुलिस तक पहुंचा मामला, जांच जारी

जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले की शिकायत शामली और बरेली पुलिस तक भी पहुंच चुकी है. सोशल मीडिया पर वीडियो और शिकायत पत्र भी लगातार वायरल हो रहे हैं. वहीं बरेली एसएसपी अनुराग आर्य का कहना है कि पूरे मामले की कोई लिखित शिकायत नहीं आई है. अगर शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि भारत में 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक संबंधों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया था. इसका मतलब है कि दो बालिग व्यक्ति आपसी सहमति से साथ रह सकते हैं. हालांकि अभी तक देश में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता नहीं मिली है. फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर अलगअलग तरह की राय दे रहे हैं.