टाटा मोटर्स अपने CNG पोर्टफोलियो का तेजी से विस्तार कर रही है. कंपनी पहले ही अपनी iCNG ड्यूल सिलेंडर तकनीक के जरिए बाजार में अलग पहचान बना चुकी है. अब खबर है कि टाटा मोटर्स पुणे के आसपास एक नई Tata Altroz CNG की टेस्टिंग कर रही है. हाल ही में इस कार को पूरी तरह कैमोफ्लाज के साथ देखा गया, जिससे नई चर्चा शुरू हो गई है.

दिलचस्प बात यह है कि टेस्टिंग के दौरान दिखाई गई Altroz के स्टीयरिंग व्हील पर “CNG Only” का स्टिकर लगा हुआ था. इससे साफ है कि कंपनी CNG मॉडल पर काम कर रही है. लेकिन सवाल यह है कि आखिर इस कार में नया क्या होने वाला है? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Altroz के लिए Turbo Petrol CNG इंजन तैयार कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय बाजार की सबसे रोमांचक CNG हैचबैक कारों में से एक बन सकती है.
Altroz को चाहिए नया दम
टाटा मोटर्स की मौजूदा लाइनअप में Altroz एक ऐसी कार है जिसे उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल पा रही है. SUV सेगमेंट की बढ़ती लोकप्रियता के कारण हैचबैक कारों की बिक्री लगातार प्रभावित हो रही है. मई 2026 की बिक्री रिपोर्ट के अनुसार Altroz देश की 11वीं सबसे ज्यादा बिकने वाली हैचबैक रही और इसकी बिक्री 3,000 यूनिट के आंकड़े से भी कम रही. हालांकि Altroz के पास अभी भी एक बड़ी खासियत है. यह भारत की एकमात्र ऐसी प्रीमियम हैचबैक है जो डीजल इंजन विकल्प के साथ उपलब्ध है. इसके बावजूद इसमें अब तक कोई Turbo Petrol इंजन विकल्प नहीं दिया गया है.
मिल सकता है Nexon वाला इंजन
वर्तमान में Tata Altroz में 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, CNG और डीजल इंजन विकल्प मिलते हैं. Altroz CNG में मिलने वाला इंजन लगभग 72 bhp की पावर और 103 Nm का टॉर्क देता है. लेकिन नई टेस्टिंग कार को देखकर माना जा रहा है कि टाटा मोटर्स इसमें Nexon जैसा Turbo Petrol CNG इंजन दे सकती है. Nexon CNG में यही इंजन करीब 99 bhp की पावर और 170 Nm का टॉर्क पैदा करता है. अगर Altroz में भी यही सेटअप आता है तो इसकी परफॉर्मेंस मौजूदा CNG मॉडल से काफी बेहतर हो सकती है. इससे उन ग्राहकों को फायदा होगा जो कम ईंधन खर्च के साथ बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस चाहते हैं.
कब हो सकती है लॉन्च?
फिलहाल टाटा मोटर्स ने इस नए मॉडल को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. लेकिन लगातार हो रही टेस्टिंग से संकेत मिलते हैं कि कंपनी आने वाले महीनों में नई Altroz Turbo CNG से पर्दा उठा सकती है. अगर यह मॉडल लॉन्च होता है तो यह भारत की सबसे पावरफुल और प्रीमियम CNG हैचबैक कारों में शामिल हो सकती है.



