महंगे बजट की फिल्म पहले ही सप्ताहांत में दर्शकों को खींचने में नाकाम, दुनियाभर में करीब 20 मिलियन डॉलर की शुरुआत

मुंबई। हॉलीवुड के सुपरस्टार टॉम क्रूज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डिगर’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। अलेजांद्रो गोंजालेज इनारितु के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर महज 8 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ शुरुआत की। दुनियाभर में फिल्म का शुरुआती कारोबार करीब 20 मिलियन डॉलर रहा। यह टॉम क्रूज की करीब 19 वर्षों में सबसे कमजोर ओपनिंग मानी जा रही है।
125 मिलियन डॉलर से ज्यादा बजट, लेकिन कमाई रही बेहद निराशाजनक
‘डिगर’ को बड़े बजट और दमदार स्टारकास्ट के साथ तैयार किया गया है। फिल्म में टॉम क्रूज के अलावा रिज अहमद, जॉन गुडमैन, सैंड्रा हुलर और जेसी प्लेमन्स जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण बजट करीब 125 मिलियन डॉलर या उससे अधिक बताया गया है। ऐसे में शुरुआती कमाई ने निर्माताओं की चिंता बढ़ा दी है।
2007 के बाद सबसे कमजोर शुरुआत
बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के लिहाज से ‘डिगर’ की शुरुआत टॉम क्रूज के लिए खास तौर पर निराशाजनक है। रिपोर्टों के मुताबिक यह 2007 में आई ‘लायंस फॉर लैम्ब्स’ के बाद उनकी सबसे कमजोर ओपनिंग है। फिल्म से क्रूज और निर्माताओं को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया उम्मीद के अनुरूप नहीं रही।
दर्शकों की प्रतिक्रिया भी मिलीजुली
फिल्म को समीक्षकों की ओर से भी पूरी तरह सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। ‘डिगर’ को रॉटन टोमेटोज पर करीब 51 प्रतिशत आलोचक स्कोर मिला है, जबकि दर्शकों का स्कोर इससे बेहतर रहा।
फिल्म में टॉम क्रूज ने एक बेहद अलग अंदाज में तेल कारोबारी का किरदार निभाया है। कहानी पर्यावरण संकट, सत्ता, लालच और इंसान की महत्वाकांक्षा के इर्दगिर्द घूमती है। फिल्म की विषयवस्तु और प्रयोगात्मक शैली को लेकर दर्शकों और समीक्षकों की राय बंटी हुई नजर आ रही है।
मेकर्स के सामने बड़ी चुनौती
‘डिगर’ की कमजोर शुरुआत ऐसे समय हुई है जब हॉलीवुड में बड़े बजट की मौलिक फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने की चुनौती पहले से बनी हुई है। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। फिल्म की भारी लागत को देखते हुए आने वाले दिनों में इसकी कमाई पर सबकी नजर रहेगी। कुछ रिपोर्टों में फिल्म को करीब 150 मिलियन डॉलर तक के संभावित नुकसान की आशंका भी जताई गई है।
टॉम क्रूज की पिछली बड़ी सफल फिल्मों के मुकाबले ‘डिगर’ का शुरुआती प्रदर्शन निश्चित रूप से कमजोर रहा है। अब फिल्म की आगे की कमाई यह तय करेगी कि क्या यह शुरुआती झटका बाद के दिनों में संभल पाएगा या फिर यह साल की बड़ी व्यावसायिक निराशाओं में शामिल हो जाएगी।

जेसन संजय की फिल्म की धीमी ओपनिंग
