Gorakhpur innocent child Rape: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 14 साल के किशोर पर अपनी ही 9 महीने की भांजी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, यह वारदात शनिवार तड़के उस समय हुई जब मासूम बच्ची अपने घर में अपनी मां के पास सो रही थी.

सुबह जब मां की आंख खुली तो बच्ची को गायब पाकर परिवार में हड़कंप मच गया. परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर पूरे गांव में बच्ची की तलाश शुरू की. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद, बच्ची घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में बने टिन शेड में बेहोश और लहूलुहान हालत में मिली. उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दुष्कर्म की पुष्टि की.

जांच को भटकाने की कोशिश

गोरखपुर के एएसपी पाटिल निमिष दशरथ ने बताया कि आरोपी कोई और नहीं बल्कि बच्ची का दूर का मामा है, जो हाल ही में गांव लौटा था. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी खुद भी पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्ची को ढूंढने का नाटक कर रहा था.

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. घटनास्थल का मुआयना करने, स्थानीय लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस का शक किशोर पर गहराया. हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने दावा किया कि घटना के समय वह अत्यधिक शराब के नशे में था और उसी हालत में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद सामग्री की जांच की जा रही है. साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और स्वैब सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं. पुलिस ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर नाबालिग आरोपी को शेल्टर होम भेज दिया गया है और उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा.