Agra FSDA Raid On Paneer Factory: ताजनगरी आगरा में एक बार फिर मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। किरावली तहसील क्षेत्र के गांव कुकथला में संचालित एक पनीर निर्माण इकाई पर विभाग की टीम ने छापेमारी कर भारी अनियमितताएं पकड़ीं। कार्रवाई के दौरान यूनिट अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद 50 किलो पनीर और 150 लीटर मिश्रित दूध को उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया।

नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
छापेमारी के दौरान टीम ने मिश्रित दूध, घी और पनीर के नमूने भी एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आगरा मावा, पनीर, दूध और अन्य डेयरी उत्पादों का बड़ा व्यापारिक केंद्र माना जाता है। शहर ही नहीं, आसपास के कई जिलों के व्यापारी और उपभोक्ता भी यहां से खाद्य सामग्री खरीदते हैं। ऐसे में इस तरह की कार्रवाई ने एक बार फिर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी जिले में नकली मावा, घी, पनीर और दूध बनाने वाली कई इकाइयों का भंडाफोड़ हो चुका है।
लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से ही खरीदें खाद्य सामग्री
अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे केवल भरोसेमंद और लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। सुनसान स्थानों या संदिग्ध परिस्थितियों में संचालित इकाइयों से खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।
इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोग और मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



