कम बजट में ज्वेलरी का बिजनेस शुरू करना हो या फिर शादी के लिए आपको जड़ाऊ, सोने-चांदी और हीरे के गहने खरीदने हो. भारत के अलग-अलग शहरों की होलसेल मार्केट्स के बारे में जान लें और शॉपिंग को आसान बनाएं.

भारत में लोग गहनों के बहुत शौकीन हैं. फिर चाहे फेस्टिव मौके पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी कैरी करनी हो या फिर शादी-ब्याह में पारंपरिक गहने पहनने हो. दरअसल हमारे यहां खास मौकों पर लोग एक-दूसरे से मिलते हैं और ज्यादातर इस दौरान एथनिक लुक ही क्रिएट किया जाता है, जो आभूषणों के बिना अधूरा सा रहता है. आप भी अगर हर मौके पर अपने लुक को बेहतरीन ज्वेलरी के साथ कंप्लीट करना पसंद करती हैं तो जान लें भारत के शहरों की टॉप होलसेल मार्केट्स के बारे में जो स्टोन वर्क ज्वेलरी से लेकर कुंदन, मीनाकारी, टेम्पल डिजाइन से लेकर सोने-चांदी के गहने तक के लिए मशहूर हैं.
इन होलसेल मार्केट्स में आपको न सिर्फ ट्रेंडी से लेकर पारंपरिक डिजाइन के गहने तक मिल जाते हैं, बल्कि दामों में भी बढ़िया मार्जिन मिलने की संभावना रहती है. खासकर अगर आप आर्टिफिशियल ज्वेलरी ले रहे हैं तो इन मार्केट में कीमत काफी किफायती रहती है. तो चलिए जान लेते हैं इन होलसेल ज्वेलरी बाजारों के बारे में.
मुंबई की जवेरी मार्केट
अगर आप सपनों की नगरी मुंबई के निवासी हैं तो पता ही होगा कि यहां की जवेरी मार्केट सबसे बड़ा इंटिमेशन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी का हब मानी जाती है. यहां पर आपको पोल्की झुमके से लेकर, लेटेस्ट डिजाइन के कंगन, चूड़ियां, एंटीक पीस, कुंदन, ब्राइडल सेट तक मिल जाते हैं. इसके अलावा यहां पर आपको शुद्ध सोने से लेकर हीरे और कीमती रत्नों के गहने भी मिल जाते हैं. ये बाजार तकरीबन 150 साल पुराना माना जाता है और बहुत ही पुरानी दुकानें यहां मौजूद हैं.
जयपुर का जौहरी बाजार
राजस्थान में सबसे बड़ा और प्रसिद्ध आभूषण का बाजार है जौहरी मार्केट, जो गुलाबी शहर जयपुर में मौजूद है. यह जगह कपड़े खरीदने के लिए भी जानी जाती है. जैसी की इसका नाम है जौहरी मार्केट यानी आभूषणों के जानकारों के लिए ये शब्द इस्तेमाल किया जाता है. ये पुराना बाजार कुंदन, पोल्की, मीनाकारी ज्वेलरी के लिए प्रसिद्ध है. अगर हवा महल जाएं तो इस बाजार को एक्सप्लोर जरूर करें. यहां पर आपको कीमती रत्नों, वाली सोने और चांदी से लेकर हीरे तक की ट्रेडिशनल राजस्थानी डिजाइन वाली ज्वेलरी मिल जाएगी. माना जाता है कि इसकी स्थापना 18वीं शताब्दी में हुई थी.
कोलकाता, बोबाजार
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में बोबाजार या बौबाजार बहुत ही पुराना और ऐतिहासिक बाजार है. इसे अपनी समृद्ध संस्कृति के अलावा खासकर पारंपरिक सोने के आभूषणों की खरीदारी के लिए जाना जाता है. इसे यहां की ज्वेलरी डिस्ट्रिक तक कहा जाता है. यहां पर आपको सोने से लेकर चांदी के आभूषणों को तैयार करने वालों की कई दुकानों की श्रृंखला मिल जाएगी. ये पुराने समय की यादों को अपने में समेटे हुए है और आज भी यहां की सबसे वाइब्रेंट बाजारों और व्यापारिक स्पॉट्स में से एक है.
बेगम बाजार, (हैदराबाद/तेलंगाना)
दक्षिण भारत में बेगम बाजार हैदराबाद तेलंगाना का सबसे बड़ा ज्वेलरी बाजार है. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। इसका इतिहास लगभग 400 साल पुराना माना जाता है. कहते हैं कि इस बाजार की शुरुआत कुतुब शाही राजवंश के शासन से समय हुई थी.पुराने शहर में नए पुल के साथ मौजूद ये बाजार आभूषणों के अलावा मसाले, तांबे, पीतल के बर्तनों, सूखे मेवों और घरेलू सामान के लिए भी प्रसिद्ध है. जानकारी के मुताबिक यहां पर तकरीबन पंद्रह हजार से भी ज्यादा दुकानें स्थित हैं.
दिल्ली के बेस्ट जूलरी मार्केट्स
अगर हम बात करें देश की राजधानी के बेस्ट जूलरी मार्केट्स की तो यहां पर कई बाजार हैं जो बड़े भी हैं, पुराने भी और किफायती भी. फिलहाल हम बात करेंगे चांदनी चौक के दरीबा कलां की, ये पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक बाजार है, जहां पर आपको जड़ाऊ कुंदन की ज्वेलरी से लेकर मीनाकारी वर्क आभूषण से लेकर सोने, चांदी, डायमंड तक के गहने मिल जाएंगे. इसके अलावा यहां आर्टिफीशियल ज्वेलरी के लिए सदर बाजार से लेकर लाजपत, करोल बाग तक को एक्सप्लोर किया जा सकता है.
गुजरात का मानेक चौक
ज्वेलरी की बात करें तो गुजरात के सूरत को डायमंड सिटी के नाम से जाना जाता है. यहां पर सबसे बड़ा और प्रसिद्ध बाजार मानेक चौक है जो अहमदाबाद में मौजूद है. यहां पर आपको मार्केट के तीन अलग रूप देखने को मिलेंगे. दरअसल सुबह 6 बजे से यहां पर सब्जी और फल को लेकर व्यस्तता रहती है तो वहीं दोपहर से शाम सात बजे तक ये सबसे बड़ा सोने-चांदी के आभूषणों का बाजार बन जाता है. शाम सात बजे से रात को दो बजे तक ये जगह वेज स्ट्रीट फूड हब में बदल जाती है. यहां पर आपको आर्टिफिशियल ज्वेलरी में पोल्की, कुंदन से लेकर धातुओं में सोने चांदी के कड़े, पायल, गले के सेट तक सब मिल जाएंगे.



