Featured Image

Rampur Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मसवासी इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी अपनी पत्नी की खून से लथपथ लाश और दो मासूम बच्चों को एक कमरे में बंद करके फरार हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद में खौफनाक कदम

पुलिस के मुताबिक यह खौफनाक वारदात रविवार रात करीब 9 बजे रामपुर जिले के मसवासी चौकी क्षेत्र के ग्राम भूबरा मुस्तेहकम (मझरा सीतारामपुर) में हुई। 35 साल की रीना का अपने पति धर्मेंद्र सैनी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि यह घरेलू कहासुनी इतनी बढ़ गई कि धर्मेंद्र ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में रखे भारी-भरकम सिलबट्टे से रीना के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से रीना की मौके पर ही मौत हो गई।

खून से लथपथ लाश के साथ बच्चों को कमरे में किया बंद

पुलिस का कहना है कि पत्नी की हत्या करने के बाद धर्मेंद्र ने शव और दोनों मासूम बच्चों को एक कमरे में रखा। फिर बाहर से कमरे में ताला लगाया और वहां से फरार हो गया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान आरोपी खुद गांव के एक दुकानदार के पास पहुंचा और उसे इस पूरी घटना के बारे में बताया। दुकानदार ने तुरंत ग्राम प्रधान के पति राजू सैनी को खबर दी जिन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दे दी।

भाई ने दी तहरीर, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही टांडा के सीओ पंकज पंत, स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा और चौकी प्रभारी सोहनपाल सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करके अहम सबूत जुटाए हैं।

सीओ पंकज पंत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मृतका रीना के भाई शुभम की तरफ से आरोपी पति के खिलाफ नामजद शिकायत (तहरीर) दी गई है। इसके आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी धर्मेंद्र सैनी गांव की पूर्व प्रधान लक्ष्मी सैनी का सगा भतीजा है। इस दर्दनाक घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।