
CG: कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में शासकीय योजनाओं के नाम पर एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को यूपी के झांसी से पकड़ा गया। लोगों से फर्जी एपीके फाइल इंस्टाॅल कराकर आरोपी के द्वारा बैंकिंग व यूपीआई संबंधी जानकारी प्राप्त कर खातों से रकम निकालता था।
जिला कबीरधाम में साइबर अपराधों की रोकथाम व साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फर्जी एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले शातिर साइबर ठग को झांसी से गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
जानिए क्या थी शिकायत
दरअसल, पिछले माह में साइबर पुलिस थाना में साइबर पीड़ित उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराये कि उनके बैंक खाता में जारी यूपीआई से बिना इनके जानकारी के रकम अन्य यूपीआई में ट्रांसफर कर ठगी किये। इसी क्रम में साइबर थाना में धारा 318(4) बीएनएस के मामले में ठगी की रकम 1 लाख रूपये व धारा 318(4) बीएनएस के मामले में ठगी की रकम 96,501 रूपये को प्रार्थी के जानकारी के बिना ठगी किये गये है।
उपरोक्त प्रकरण में पीड़ितो के मोबाइल को तस्दीकी करने पर आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना व अन्य शासकीय योजनाओं के नाम से फर्जी एपीके फाइल प्राप्त हुई जो पीड़ित द्वारा जानकारी के अभाव में इंस्टाल किये।
इन्हीं फाईल के माध्यम से पीड़ित की बैकिंग व यूपीआई से संबंधित जानकारी साइबर ठगों के पास पहुँच गई और इनके बैंक खाता में मौजूद रकम को प्राप्त कर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया।
मामले की जाँच के दौरान साइबर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी व प्रभावी कार्रवाई कर बैंकिग डिटेल व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निरीक्षक उमाशंकर राठौर साइबर पुलिस थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम झांसी उत्तरप्रदेश रवाना हुई। टीम द्वारा तकनीकी निगरानी के आधार पर संदेही सौरभ कुशवाहा को पकड़ा गया।
झाँसी से गिरफ्तार आरोपी
पुलिस टीम द्वारा झांसी में संदेही की पतासाजी के दौरान एक किराये के मकान में पहुँची जहां आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ करने पर एपीके फाईल के माध्यम से ठगी की घटना को अंजाम देना बताया।
आरोपी सौरभ कुशवाहा पिता नरेन्द्र कुशवाहा उम्र 24 साल साकिन वार्ड नं. 01 खेड़ापति मंदिर के पास ग्राम करेरा थाना करेरा जिला शिवपुरी हाल झांसी उत्तप्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। आरोपी के कब्जे से दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी मोबाइल सीम, बैंक पासबुक, चेक बुक, एटीएम कार्ड एवं घटना में प्रयुक्त मोबाईल हैंडसेट बरामद किया गया है। मामले में अन्य आरोपी की पतासाजी जारी है।
अपील
साइबर पुलिस थाना कबीरधाम आमजनों से अपील करता है कि मोबाईल पर प्राप्त किसी भी अज्ञात APK फाइल को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें। साइबर ठगों द्वारा आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट, बैंक अपडेट एवं अन्य शासकीय योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक अथवा APK फाइल भेजकर लोगों को अपना शिकार बनाया जा रहा है।
किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल, लिंक अथवा एप्लीकेशन को इंस्टॉल न करें तथा OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना समय गंवाये तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, राशि को होल्ड/फ्रीज कराने एवं वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।



