बिहार के भोजपुर जिले के आरा में शनिवार सुबह एक हार्डवेयर दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड मोहल्ले में हुई इस वारदात में बदमाशों ने दुकानदार के सिर में बेहद करीब से गोली मारी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के बडिहां गांव निवासी स्वर्गीय बैजू सिंह के 36 वर्षीय पुत्र उपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में आरा के वार्ड संख्या44 स्थित गौतम बुद्ध नगर, गोढ़ना में रहते थे। उनकी हार्डवेयर की दुकान नवादा थाना क्षेत्र के न्यू बहिरो में अपनी जमीन पर बने मकान में थी।
जानकारी के अनुसार, उपेंद्र कुमार सिंह शनिवार सुबह अपने ससुराल पालीगंज से आरा लौटे थे। इसके बाद वह बच्चों को स्कूल छोड़ने गए। बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस लौटने के दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।
वारदात की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ1 सुशील कुमार और नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और मामले की छानबीन शुरू की।
गोढ़ना रोड और आसपास के इलाके में घटना के बाद से सनसनी का माहौल है। पुलिस हत्या के मामले की जांच में जुटी है। दुकानदार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



