डायबिटीज के मरीजों में कंधे में दर्द और अकड़न की समस्या देखने को मिल सकती है. कई बार लोगों को हाथ ऊपर उठाने, पीछे ले जाने या कपड़े पहनने में परेशानी होने लगती है. इसे अक्सर सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जबकि कुछ मामलों में यह फ्रोजन शोल्डर की समस्या हो सकती है.

डॉ. मुजाहिद सलीम का कहना है कि फ्रोजन शोल्डर में कंधे के जोड़ के आसपास के टिश्यू में अकड़न आ जाती है, जिससे हाथ की मूवमेंट सीमित होने लगती है. डायबिटीज के मरीजों में इस समस्या का खतरा अधिक देखा जाता है

ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से शरीर के टिश्यू और कंधे के जोड़ के आसपास मौजूद लचीलेपन पर असर पड़ सकता है. इसके कारण कंधे में दर्द, जकड़न और हाथ घुमाने में परेशानी होने लगती है.

शुरुआत में यह परेशानी हल्की हो सकती है, लेकिन समय के साथ बढ़ भी सकती है. इसलिए अगर कंधे में लगातार दर्द हो या हाथ ऊपर उठाने में परेशानी महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

डॉक्टर की सलाह से जांच कराना जरूरी है, ताकि सही कारण का पता चल सके. इस समस्या में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना भी महत्वपूर्ण है. इसके अलावा डॉक्टर की सलाह के अनुसार फिजियोथेरेपी और कंधे की हल्की एक्सरसाइज से हाथ की मूवमेंट बेहतर करने में मदद मिल सकती है.

हालांकि, दर्द होने पर अपनी मर्जी से जोरदार एक्सरसाइज करने या कंधे को जबरदस्ती घुमाने से बचना चाहिए. समय पर पहचान और सही इलाज से दर्द और अकड़न को कम करने में मदद मिल सकती है. खास तौर पर डायबिटीज के मरीजों को कंधे में लगातार परेशानी होने पर इसे केवल उम्र या थकान का असर मानकर टालना नहीं चाहिए.

ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।