Lucknow Monkey Terror: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बंदरों के आतंक के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. हुसैनगंज इलाके में बंदरों के झुंड से बचने की कोशिश के दौरान एक युवक 5वीं मंजिर से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है. मृतक की पहचान फूलबाग निवासी ईरिक्शा चलाक 40 वर्षीय जीतू सोनकर के रूप में की गई है. मृतक के परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह वह रोज की तरह उठकर घर की छत पर टहल रहा था. इस दौरान छत पर बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया और वह जान बचाने की कोशिश में इधरउधर भागने लगा. इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और वह पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया. परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने लगाए कार्रवाई नहीं करने के आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से बंदरों का आतंक है. पहले भी कई लोगों पर बंदरों ने हमला किया है. इसके बाद भा निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है.
कई इलाकों में है बंदरों का आतंक
स्थानीय लोगों का कहना है कि हुसैनगंज समेत लखनऊ के कई इलाकों में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है. लोगों का आरोप है कि कई बार नगर निगम और वन विभाग से शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. बंदरों के कारण आए दिन लोगों पर हमले और हादसे हो रहे हैं, जिससे इलाके के निवासी भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं.
इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में बंदरों की बढ़ती संख्या और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बंदरों के आतंक पर प्रभावी नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लग सकें.



