शहरों में बढ़ते ट्रैफिक के कारण रोजाना ड्राइव करना पहले की तुलना में ज्यादा मुश्किल हो गया है. खासकर मैनुअल गियर वाली कार में बारबार क्लच दबाना और गियर बदलना थका देने वाला काम बन जाता है. यही वजह है कि अब बड़ी संख्या में लोग ऑटोमैटिक कारों की ओर रुख कर रहे हैं. ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन वाली कारें ट्रैफिक में ड्राइविंग को आसान और आरामदायक बना देती हैं. अगर आपका बजट 7 लाख रुपये के आसपास है, तो बाजार में कई अच्छे विकल्प मौजूद हैं. आइए जानते हैं ऐसी 5 कारों के बारे में.

टाटा टियागो
बजट में आने वाली सबसे लोकप्रिय हैचबैक में से एक है. इसमें 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो अच्छी परफॉर्मेंस के साथ बेहतर माइलेज भी देता है. कंपनी इसका CNG मॉडल भी ऑफर करती है और खास बात यह है कि दोनों विकल्पों में AMT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है. शहर के ट्रैफिक में इसे चलाना काफी आसान रहता है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 6 लाख रुपये से शुरू होती है.
टाटा टिगोर
अगर आप सेडान पसंद करते हैं, तो एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसमें भी 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है और CNG वेरिएंट भी उपलब्ध है. दोनों फ्यूल विकल्पों के साथ ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का चुनाव किया जा सकता है. आरामदायक सीटें, बड़ा बूट स्पेस और बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस इसे फैमिली कार बनाते हैं. इसकी कीमत लगभग 6.8 लाख रुपये से शुरू होती है.
निसान मैग्नाइट
कॉम्पैक्ट SUV खरीदने की सोच रहे हैं तो निसान मैग्नाइट पर भी नजर डाल सकते हैं। इसमें 1.0 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ AMT गियरबॉक्स मिलता है। वहीं ज्यादा पावर चाहने वालों के लिए 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ CVT ऑटोमैटिक का विकल्प भी मौजूद है. इसका CVT ट्रांसमिशन स्मूद ड्राइविंग का अनुभव देता है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 6.24 लाख रुपये है.
हुंडई एक्सटर
हुंडई एक्सटर उन लोगों के लिए बढ़िया ऑप्शन है जो फीचर से भरपूर माइक्रो SUV चाहते हैं. इसमें 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ AMT ट्रांसमिशन दिया गया है. हाल ही में अपडेटेड मॉडल में नया डिजाइन और कई आधुनिक फीचर्स जोड़े गए हैं. इसकी शुरुआती कीमत करीब 6.95 लाख रुपये है.
रेनो काइगर
रेनो काइगर भी बजट SUV सेगमेंट की लोकप्रिय कार है. इसमें 1.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ AMT और 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ CVT ऑटोमैटिक का विकल्प मिलता है. टर्बो इंजन बेहतर पावर देता है, जबकि CVT गियरबॉक्स लंबी दूरी और शहर दोनों जगह स्मूद ड्राइविंग में मदद करता है. इसकी शुरुआती कीमत लगभग 6.99 लाख रुपये है.



