Cameron Bancroft : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का बॉल टैंपरिंग विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब आठ साल पुराने सैंडपेपरगेट मामले में पूर्व क्रिकेटर कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्होंने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी पूरी टीम को थी। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। उनके इस बयान के बाद मौजूदा टेस्ट कप्तान पैट कमिंस पर सवाल उठने लगे हैं। अब कमिंस ने अपने प्रतिनिधि के जरिए इन आरोपों पर जवाब दिया है।

Cameron Bancroft ने पूरे मामले में किया बड़ा दावा

कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 18 नवंबर को एक विस्तृत लेख में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे से जुड़ी कई अहम बातें साझा कीं। उन्होंने स्वीकार किया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती जांच के दौरान उन्होंने पूरी और सच्ची जानकारी नहीं दी थी। कैमरन बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, उस समय गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की जानकारी सिर्फ उन्हें, स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी टीम को इस योजना के बारे में पता था।

उन्होंने यह भी कहा कि पैट कमिंस की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उन्हें लगा कि अब अपनी बात सार्वजनिक करना जरूरी है। बैनक्रॉफ्ट ने कमिंस के बयान पर नाराजगी जताते हुए खुद को धोखा खाया हुआ और अकेला महसूस करने की बात कही।

पैट कमिंस ने दिया दो टूक जवाब

कैमरन बैनक्रॉफ्ट के आरोपों के बाद पैट कमिंस के प्रतिनिधि नील मैक्सवेल ने उनकी तरफ से बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि कमिंस का रुख पिछले आठ साल से एक जैसा रहा है और वह अपने पुराने बयान पर कायम हैं। उनके प्रतिनिधि ने कहा कि कैमरन बैनक्रॉफ्ट के साथ जो कुछ हुआ, उसके लिए कमिंस को सहानुभूति है।

लेकिन उनके नए बयान में ऐसा कुछ नहीं है, जिसका जवाब कमिंस अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहले ही न दे चुके हों। कमिंस ने पहले भी स्पष्ट किया था कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने टीम के गेंदबाजों को भी इस मामले से अनजान बताया था।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बनाया नया फोरम

इस विवाद के दोबारा सामने आने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक स्वतंत्र फोरम बनाने का फैसला किया है। इसके जरिए 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे से जुड़े खिलाड़ी और स्टाफ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।

हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने स्पष्ट किया है कि यह कोई दोबारा जांच नहीं है। वहीं, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच डैरेन लेहमैन ने कहा है कि वह बैनक्रॉफ्ट के आरोपों को समझने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया देंगे। अब इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आठ साल पुराने मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आ पाएगी?