चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 18 साल का ऐतिहासिक सफर खत्म करते हुए स्टीफन फ्लेमिंग ने हेड कोच पद छोड़ दिया है। उनकी कोचिंग में CSK ने 5 आईपीएल और 2 चैंपियंस लीग टी20 खिताब जीते।

Stephen Fleming part ways with CSK: इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में गिनी जाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक युग का अंत हो गया है। पिछले 18 वर्षों से टीम के साथ जुड़े स्टीफन फ्लेमिंग ने हेड कोच का पद छोड़ दिया है। फ्रेंचाइजी और फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया, जिससे आईपीएल इतिहास की सबसे सफल कोचकप्तान साझेदारियों में से एक का समापन हो गया।
साल 2009 से एमएस धोनी और स्टीफन फ्लेमिंग की जोड़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी रणनीति, टीम चयन और खिलाड़ियों पर भरोसे ने CSK को सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि आईपीएल का सबसे मजबूत ब्रांड बना दिया। अब IPL 2027 से पहले टीम नए कोच के साथ नए दौर की शुरुआत करेगी।
2008 में खिलाड़ी, 2009 में बने हेड कोच
स्टीफन फ्लेमिंग ने आईपीएल के पहले सीजन 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बतौर खिलाड़ी हिस्सा लिया था। इसके बाद 2009 में उन्हें टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया। तब से लेकर 2026 तक उन्होंने लगातार इस जिम्मेदारी को निभाया। फ्लेमिंग और एमएस धोनी की साझेदारी ने आईपीएल में स्थिरता और सफलता की नई मिसाल कायम की। उनकी कोचिंग में सीएसके हमेशा उन टीमों में शामिल रही जो हर सीजन खिताब की सबसे मजबूत दावेदार मानी जाती थीं।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT
The Super Kings and Head Coach Stephen Fleming have mutually decided to part ways.
Together, we shared one of the most successful and enduring partnerships in IPL history. The legacy you’ve built will continue to inspire us.With immense respect and… pic.twitter.com/qjvb4oZUuU
— Chennai Super Kings July 13, 2026
Stephen Fleming के कार्यकाल में CSK ने रचा इतिहास
स्टीफन फ्लेमिंग के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि दो बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता। उनकी कोचिंग में टीम ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया और 10 बार आईपीएल फाइनल खेला। लगातार शानदार प्रदर्शन की वजह से सीएसके को लीग की सबसे सफल और सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली फ्रेंचाइजी माना जाता है। फ्लेमिंग का योगदान सिर्फ ट्रॉफियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने टीम की संस्कृति और पहचान भी तैयार की।
सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की अन्य टीमों की भी संभाली जिम्मेदारी
आईपीएल के अलावा स्टीफन फ्लेमिंग ने सुपर किंग्स समूह की अन्य टीमों के साथ भी काम किया। उन्होंने SA20 लीग में जोबर्ग सुपर किंग्स और मेजर लीग क्रिकेट में टेक्सस सुपर किंग्स के हेड कोच की भूमिका निभाई। हालांकि उनकी टीमें कई बार प्लेऑफ तक पहुंचीं, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। 2026 के एमएलसी सीजन में टेक्सस सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही। यही टूर्नामेंट सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के साथ फ्लेमिंग का आखिरी असाइनमेंट साबित हुआ।
IPL 2027 से पहले CSK के लिए नई शुरुआत
स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के साथ चेन्नई सुपर किंग्स एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। फ्रेंचाइजी अब IPL 2027 से पहले नए हेड कोच के साथ अपनी रणनीति तैयार करेगी। फ्लेमिंग की विदाई सिर्फ एक कोच का जाना नहीं, बल्कि उस दौर का अंत है जिसने चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल किया। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि फ्रेंचाइजी किस दिग्गज को नई जिम्मेदारी सौंपती है और क्या वह फ्लेमिंग की विरासत को आगे बढ़ा पाता है।



