Sant Kabir Nagar Murder Case: ‘हमें जान के बदले जान चाहिए, और कुछ नहीं…’ यह कहतेकहते मीना की आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं. गुरुवार रात मीना की दुनिया उजड़ गई. उत्तर प्रदेश के जिले में उसके पति आनंद की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद इलाके में तनाव है. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया, आगजनी की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई.

घटना बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे की है. मृतक आनंद कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला था और टाइल्स लगाने का काम करता था. परिजनों के मुताबिक वह गुरुवार शाम एक मशीन देने के लिए बभनी चौराहे गया था. वहां से कुछ सामान खरीदकर घर लौटते समय उस पर हमला कर दिया गया.
धारदार हथियार से आनंद की गर्दन पर हमला
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि पास के गांव का रहने वाला नासिर अली अचानक वहां पहुंचा और धारदार हथियार से आनंद की गर्दन पर हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि आनंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया. परिजनों का यह भी दावा है कि इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं.
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव पैदा हो गया. गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान भीड़ ने एक गुमटी और आरोपी के घर में आग लगा दी. हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त फोर्स तैनात की.
मौके पर पहुंचे अधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
क्या था विवाद?
कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में मृतक की भांजी से कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई थी. आनंद ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था. परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश में हत्या को अंजाम दिया गया.
मृतक के चचेरे भाई रोहित ने मुख्य आरोपी के रूप में नासिर अली का नाम लिया है. वहीं, मृतक की पत्नी मीना और अन्य परिजन आरोपी के एनकाउंटर तथा उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.



