NEET UG Re Exam 2026: NEET UG परीक्षा में पेपर लीक विवाद के बाद अब दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर नोएडा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. रविवार को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर कराया जाएगा, जिसमें करीब 11,302 अभ्यर्थी शामिल होंगे. पिछली परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों को देखते हुए इस बार प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत किया है.

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए इस बार विशेष सावधानी बरती जा रही है. प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं. खास बात यह है कि इस बार किसी भी निजी स्कूल को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है. सभी केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जो परीक्षा की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे.

दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी परीक्षा

प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र की सही जानकारी के लिए नया एडमिट कार्ड जरूर डाउनलोड कर लें. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जैमर भी लगाए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके.

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सख्त व्यवस्था की गई है. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि अभ्यर्थियों को शांत और सुरक्षित माहौल मिले, जिससे वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें.

23 केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नोएडा डीसीपी हेडक्वार्टर के अनुसार जिले में नीट यूजी रीएग्जाम के लिए कुल 23 केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को जाम की समस्या से बचाने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. जिन स्थानों पर परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहां से करीब 200 मीटर के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

इसके अलावा मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस डिपो जैसे प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इसका उद्देश्य दूरदराज से आने वाले अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद करना है. पुलिस ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

हर परीक्षा केंद्र के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो सके. प्रशासन का कहना है कि पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा के हर स्तर पर विशेष ध्यान दिया गया है.