Bangladesh Ram Statue Controversy: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार को हजारों की संख्या में हिंदू सड़कों पर उतरे और जय श्रीराम के नारे लगाए. कट्टरपंथी की ओर से भगवान राम की तस्वीर का कथित अपमान किए जाने के बाद ये विरोध प्रदर्शन शुरू हुए हैं. ये कट्टरपंथी इससे पहले रंगपुर में भगवान राम की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने का विरोध कर रहे थे. निर्माण कार्य रुकने के बाद, शुक्रवार को बांग्लादेश में हजारों हिंदुओं ने ढाका में मशाल जुलूस निकाला और कथित अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग की.

बन रही थी भगवान राम की विशाल प्रतिमा
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश में यह नया तनाव उत्तरी गाइबांधा जिले के पलाशबाड़ी में भगवान राम की 81 फुट ऊंची मूर्ति का निर्माण रोके जाने के कुछ दिनों बाद पैदा शुरू हुआ है. इस प्रोजेक्ट को चलाने वाली श्री श्री राधा गोविंद मंदिर समिति ने आरोप लगाया था कि अधिकारियों को कुछ इस्लामी समूहों से धमकियां मिली थीं. इस घटना ने मुस्लिमबहुल बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर चिंता फिर से बढ़ा दी हैं. इस साल 1 जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की लगभग 133 घटनाएं दर्ज की गई हैं.
क्या है आरोप?
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इस महीने की शुरुआत में गाइबांधा में एक प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समाज से जुड़े लोगों की भीड़ ने भगवान राम की तस्वीर पर जूता रखकर उसका अपमान किया था.
क्या हुआ कार्रवाई
हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. शुक्रवार को कई हिंदू संगठनों और छात्रों ने मुख्य शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा होकर नेशनल प्रेस क्लब तक मार्च किया. विरोध प्रदर्शन का आह्वान हिंदू महाजोत ने किया था. एक अन्य समूह ने ढाका रिपोर्टर्स यूनिटी बिल्डिंग के पास विरोध प्रदर्शन किया. रंगपुर में, पुलिस ने हिंदुओं को प्रदर्शन करने से रोका, जिसके बाद मामूली झड़प भी हुई है. शनिवार को धार्मिक मामलों के मंत्रालय को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा.
‘पूरे बांग्लादेश में बनाएंगे एकएक राम मंदिर’
हिंदू महाजोत ने कहा कि अगर भगवान राम की मूर्ति का निर्माण फिर से शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे बांग्लादेश के सभी 64 जिलों में एकएक करके राम मंदिर बनाएंगे. तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP सरकार पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए, प्रदर्शनकारियों ने इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.
राम मूर्ति का निर्माण क्यों रोका गया है?
पलाशबाड़ी में एक मंदिर परिसर के हिस्से के तौर पर भगवान राम की मूर्ति बनाई जा रही थी, लगभग 80% काम पूरा हो चुका है. इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग 22 करोड़ बांग्लादेशी टका है. इसमें भगवान कृष्ण की 50 फुट ऊंची और भगवान शिव की 30 फुट ऊंची मूर्ति भी शामिल है.



