International Yoga Day 2026: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। हजारों लोगों के साथ उन्होंने सामूहिक योगाभ्यास करते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन की कुंजी बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि बढ़ती उम्र के बावजूद शरीर और मन स्वस्थ बने रहें।

70 की उम्र में भी रहें फिट और स्वस्थ

 

 

 

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, स्वस्थ उम्र बढ़ने का मतलब केवल लंबी उम्र नहीं, बल्कि सक्रिय और ऊर्जावान जीवन जीना है। उन्होंने कहा, ‘हमारी कोशिश होनी चाहिए कि 40 साल की उम्र में हम 20 साल जितने लचीले हों, 50 साल की उम्र में 30 साल जितनी ऊर्जा महसूस करें और 70 साल की उम्र में भी 50 साल जैसा स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘Yoga for Healthy Ageing’ सिर्फ बुजुर्गों के लिए नहीं, बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है।

रेड रोड पर हजारों लोगों संग किया योग

कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, त्रिकोणासन समेत कई योगासन किए। सामूहिक योग सत्र के दौरान वे प्रतिभागियों के बीच भी पहुंचे और कई लोगों को सही योग मुद्रा अपनाने में मार्गदर्शन देते नजर आए। पूरा रेड रोड योगमय वातावरण में डूबा दिखाई दिया, जहां बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों समेत हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया।

योग सबको जोड़ता है

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज योग दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन चुका है। दुनिया के अलगअलग देशों से योग दिवस की प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो यह साबित करती हैं कि योग लोगों, संस्कृतियों और देशों को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने कहा, योग सबको साथ लाता है। यह मानवता को जोड़ने वाली शक्ति है और पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बन चुका है।

ये भी पढ़ें:

शरीर ही नहीं, मन को भी स्वस्थ बनाता है योग

पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में लोग तनाव, असंतुलन और मानसिक दबाव जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में योग संतुलित जीवन जीने की राह दिखाता है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी मदद करता है। जब योग जीवन का हिस्सा बन जाता है, तो स्वस्थ रहना व्यक्ति का स्वभाव बन जाता है। कोलकाता में आयोजित यह कार्यक्रम देशभर में मनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोहों का प्रमुख आकर्षण रहा, जहां स्वास्थ्य, एकता और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।

ये भी पढ़ें: