Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं और आग की लपटों से घिर गई. चूंकि आग पहले बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लगी. फिर देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने के समय बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर पर संचालित कोचिंग सेंटर में छात्रछात्राएं व अन्य लोग मौजूद थे. आग लगी देख कोचिंग के बच्चे डर सहम गए. चीखपुकार मचाने लगे. कई बच्चे व लोग अपनी जान बचाने के लिए छज्जों और छतों से कूद पड़े. इनमें से 14 की मौत हो गई. फिलहाल घटनास्थल पर सभी बडे़ आला अधिकारी मौजूद हैं. डिप्टी CM ब्रजेश पाठक तो मृतकों के बारे में जानकारी देतेदेते भावुक हो गए. सीएम योगी ने भी अपना अलीगढ़ दौरा रद्द कर दिया है. वह लखनऊ वापस आ रहे हैं.

हेड हॉपर 3D आर्ट स्टूडियो में लगी थी आग
जानकारी के अनुसार, आग हेड हॉपर 3D आर्ट स्टूडियो में लगी थी. बिल्डिंग के निचले हिस्से में एक पेट शॉप भी चल रही थी, जिसमें कई पालतू जानवर मौजूद थे. राहत एवं बचाव टीमों ने समय रहते जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है.
धुएं ने बढ़ाई मुश्किलें, दीवार काटकर निकाले गए लोग
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग घने धुएं से भर गई थी, जिसके कारण अंदर फंसे लोगों तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया. रेस्क्यू टीम को कई जगहों पर दीवार काटकर अंदर प्रवेश करना पड़ा. फायर ब्रिगेड कर्मियों, NDRF और पुलिस की संयुक्त टीमों ने बिल्डिंग के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए विशेष अभियान चलाया.
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 14 की मौत हुई है. वहीं 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. कई लोगों को स्ट्रेचर और गीले कंबलों की मदद से बाहर लाया गया. रेस्क्यू टीम लगातार बिल्डिंग के भीतर फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
2 दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब दो दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है. एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं. मौके पर डीजी फायर, जेसीपी, एलडीए के वरिष्ठ अधिकारी समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं.
कई घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर भेजा गया
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बाहर निकाले गए कई लोग घायल अवस्था में मिले. चार घायलों को तत्काल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल प्रशासन ने घायलों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था की है. डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
गंभीर हालत में निकाले गए कई लोग
बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में इमारत से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसके शरीर में कोई हरकत दिखाई नहीं दे रही थी. इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति को लाल रंग के गीले कंबल में लपेटकर स्ट्रेचर पर बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया. बचाव दल ने तीसरे व्यक्ति को भी स्ट्रेचर पर बाहर निकालकर अस्पताल के लिए रवाना किया. हालांकि प्रशासन ने अभी तक इन लोगों की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
आग हादसे में 14 लोगों की मौत
घटना के बाद 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. हालांकि इनमें कितने बच्चे हैं और कितने अन्य लोग हैं, ये बात अभी पता नहीं चल पाई है. अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने और सभी घायलों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कोई आधिकारिक जानकारी दी जाएगी. हालांकि जिस तरह से कुछ लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है, उसे देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड का संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
अलीगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से कहा कि मैं अलीगढ़ में रात को रुकने वाला था, लेकिन जो लखनऊ में बड़ी दुर्घटना हुई है, उसको देखते हुए मैं अभी लखनऊ निकलूंगा और जिन लोगों की मृत्यु हुए हैं, उनके परिजनों के साथ संवेदना व्यक्त करूंगा. घटना को देखते हुए अलीगढ़ रात को रुकने का कार्यक्रम निरस्त किया.
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद मौके पर पहुंचे. वरिष्ठ अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए. फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने और इमारत के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं.



