मारुति डिजायर इस वक्त इंडिया में सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट सेडान है. जब से यह नए अवतार में आई है, तब से इसकी बिक्री शानदार बनी हुई है. हालांकि, अब टाटा मोटर्स ने डिजायर को टक्कर देने की तैयारी कर ली है. टाटा अपनी कॉम्पैक्ट सेडान टिगोर के फेसलिफ्ट मॉडल पर काम कर रही है. भारतीय बाजार में टाटा टिगोर उन गिनीचुनी सेडान कारों में शामिल है जो अभी भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. इसका मुकाबला Maruti Suzuki Dzire, Hyundai Aura और Honda Amaze जैसी कारों से होता है.

टाटा टियागो को नया अपडेट मिलने के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि टिगोर का फेसलिफ्ट वर्जन भी जल्द बाजार में आ सकता है. यह दावा कई मीडिया रिपोर्ट्स में किया जा रहा है. हालांकि, डिजायर से मुकाबले के लिए टिगोर में बड़े बदलाव की जरूरत होगी. आइए जानते हैं आने वाली टिगोर में वो 5 बड़े बदलाव क्या हो सकते हैं, जो इसे मार्केट में फिर से लोकप्रिय बनाएगी.
1. टियागो जैसा नया डिजाइन
नई टाटा टिगोर का डिजाइन काफी हद तक नई टियागो से मिलता जुलदा हो सकता है. सामने की तरफ नए LED लाइट्स, अपडेटेड ग्रिल और नया बंपर देखने को मिल सकता है. साइड प्रोफाइल में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं. वहीं पीछे की तरफ टेललाइट्स को जोड़ने वाली LED लाइट बार और नया बंपर मिल सकता है, जिससे कार का लुक ज्यादा प्रीमियम लगेगा.
2. क्या साइज में होगा बदलाव?
नई टिगोर के साइज में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. मौजूदा मॉडल की लंबाई 3,995 मिमी, चौड़ाई 1,677 मिमी और ऊंचाई 1,532 मिमी है. इसका व्हीलबेस 2,450 मिमी है. कंपनी इसी साइज को बरकरार रख सकती है. हालांकि CNG वर्जन में बूट स्पेस में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है.
3. केबिन होगा ज्यादा प्रीमियम
नई टिगोर का इंटीरियर पहले से ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम हो सकता है. इसमें नया डैशबोर्ड डिजाइन, बड़ा फ्रीस्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है. इसके अलावा नया डुअलस्पोक स्टीयरिंग व्हील, टचबेस्ड AC कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और फास्ट TypeC चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं.
4. सेफ्टी भी होगा सुधार
टाटा अपनी कारों की मजबूत सुरक्षा के लिए जानी जाती है. नई टिगोर में मौजूदा सेफ्टी फीचर्स के अलावा 360 डिग्री कैमरा भी मिल सकता है. यह फीचर हाल ही में अपडेट हुई टियागो में भी देखा गया है. इससे पार्किंग और तंग जगहों पर कार चलाना आसान होगा.
5. इंजन में बदलाव की संभावना कम
इंजन के मामले में बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है. नई टिगोर में मौजूदा 1.2लीटर 3सिलेंडर पेट्रोल इंजन ही जारी रह सकता है. इसके साथ मैनुअल और AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा. CNG वर्जन भी जारी रहेगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक CNG मॉडल में इस बार AMT गियरबॉक्स और पैडल शिफ्टर्स का विकल्प भी दिया जा सकता है.
कुल मिलाकर, टाटा मोटर्स नई टिगोर को ज्यादा मॉडर्न लुक, बेहतर फीचर्स और एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी के साथ पेश कर सकती है. हालांकि कंपनी ने अब लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में इस कार से पर्दा उठ सकता है.



