चीन में टेस्ला समेत कई बड़ी इलेक्ट्रिक कार कंपनियों की 40 लाख से ज्यादा गाड़ियों को वापस बुलाया जा रहा है. इन गाड़ियों में सबसे बड़ी चिंता कार के दरवाजे के हैंडल को लेकर सामने आई है. चीनी अधिकारियों के मुताबिक, गंभीर हादसे की स्थिति में दरवाजे का हैंडल ठीक से काम नहीं करने पर कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है.

टेस्ला की करीब 30 लाख कारें होंगी वापस

चीन के बाजार नियामक के अनुसार, करीब 29.8 लाख कारों को वापस बुला रही है. इसमें चीन में बनी और दूसरे देशों से आयात की गई गाड़ियां शामिल हैं. प्रभावित मॉडलों में Model 3, Model Y, Model X और Model S जैसे वाहन बताए गए हैं.

इस रिकॉल की मुख्य वजह कारों में लगे खास तरह के दरवाजे के हैंडल से जुड़ी सुरक्षा चिंता है. टेस्ला की कई कारों में ऐसे हैंडल दिए जाते हैं जो जरूरत पड़ने पर बाहर की तरफ निकलते हैं और सामान्य समय में कार की बॉडी के साथ लगभग बराबर रहते हैं.

हादसे के समय क्यों बढ़ सकता है खतरा?

चीनी अधिकारियों ने बताया कि अगर किसी गंभीर दुर्घटना में कार की बिजली व्यवस्था खराब हो जाती है, तो दरवाजे का भी प्रभावित हो सकता है. ऐसी स्थिति में कार के अंदर बैठे लोगों को दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में दिक्कत हो सकती है. इतना ही नहीं, अगर अंदर मौजूद लोग खुद बाहर नहीं निकल पाते हैं, तो बाहर से बचाव करने पहुंचे लोगों के लिए भी कार का दरवाजा खोलना मुश्किल हो सकता है. इसी वजह से चीन में इन छिपे हुए या बॉडी के अंदर मिल जाने वाले दरवाजे के हैंडल पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है.

टेस्ला के अलावा इन कंपनियों की कारें भी प्रभावित

यह मामला सिर्फ Tesla तक सीमित नहीं है. चीन की कई दूसरी इलेक्ट्रिक कार कंपनियों ने भी अपनी गाड़ियों को वापस बुलाने का फैसला किया है.

बीजिंग की टेक कंपनी Xiaomi 3.9 लाख से ज्यादा कारों को रिकॉल कर रही है. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। वहीं Leapmotor की 3.7 लाख से ज्यादा गाड़ियां भी इस प्रक्रिया में शामिल हैं. इसके अलावा Geely और XPENG जैसी कंपनियों की कुछ गाड़ियों में भी इसी तरह की समस्याएं सामने आई हैं.

टेस्ला सॉफ्टवेयर अपडेट से कम करेगी जोखिम

चीनी नियामक के मुताबिक, Tesla प्रभावित गाड़ियों में सॉफ्टवेयर अपडेट करेगी. इसका मकसद दरवाजे के हैंडल से जुड़े जोखिम को कम करना है.चीन में इस साल का यह सबसे बड़ा वाहन रिकॉल बताया जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक कारों में नई तकनीक के साथ सुरक्षा को भी उतनी ही प्राथमिकता देना जरूरी है.

छिपे हुए Door Handle पर चीन सख्त

चीन पहले ही छिपे हुए इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे के हैंडल को लेकर नियम सख्त करने की तैयारी कर चुका है. वहां अगले साल से ऐसे डिजाइन पर रोक लगाने की योजना है. इसका कारण कुछ हादसों में सामने आई समस्याएं हैं, जहां इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे काम नहीं करने के कारण लोग कार के अंदर फंस गए थे.

पूरे मामले से साफ है कि इलेक्ट्रिक कारों में सिर्फ नई तकनीक और शानदार डिजाइन ही काफी नहीं है. किसी भी कार की सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा होनी चाहिए.