Prayagraj Robbery In Three Houses: गंगानगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार देर रात तीन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बदमाश लाखों रुपये के जेवरात, सवा दो लाख रुपये से अधिक नकदी और एक लाइसेंसी दुनाली बंदूक लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना कौड़िहार के पास स्थित नेम तिवारी का पूरा गांव की है। पीड़ितों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

Robbery In Prayagraj: प्रयागराज में बेखौफ बदमाशों का तांडव; तीन घरों में लाखों की डकैती, फायरिंग कर फैलाई दहशत​
Robbery In Prayagraj: प्रयागराज में बेखौफ बदमाशों का तांडव; तीन घरों में लाखों की डकैती, फायरिंग कर फैलाई दहशत​

एक साथ तीन घरों को बनाया निशाना

करीब 500 घरों की आबादी वाले इस गांव में बदमाशों ने करुणेश तिवारी, सुरेश तिवारी और राहुल तिवारी के घरों को एकएक कर निशाना बनाया। घटना का पता उस समय चला जब करुणेश तिवारी की पत्नी रात में वॉशरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। घर का पालतू कुत्ता और बेटा सुंदरम बेहोशी की हालत में मिले।

परिजनों को सूचना देने के बाद जब दरवाजा खोला गया तो घर के भीतर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। करुणेश तिवारी के मुताबिक, बदमाश अलमारी में रखे करीब 800 ग्राम सोने के जेवर, दो किलो चांदी, एक लाख रुपये नकद और लाइसेंसी दुनाली बंदूक उठा ले गए। घर का सामान भी बिखरा पड़ा मिला।

डेढ़ लाख रुपये नकद और 600 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी

इसके बाद बदमाशों ने पड़ोस में रहने वाले सुरेश तिवारी के घर को निशाना बनाया। वहां से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 600 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसी दौरान ग्रामीणों की हलचल होने पर बदमाशों का सामना लोगों से हुआ तो उन्होंने चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी।

राहुल तिवारी ने बताया कि बदमाश उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 25 हजार रुपये नकद, करीब 700 ग्राम सोने तथा नौ ग्राम चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर डॉग स्क्वायड, और एसीपी सोरांव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

देर शाम बरामद हुई लाइसेंसी बंदूक

एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला कुमार ने बताया कि मामले में कर लिया गया है। पुलिस की टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि चोरी गई लाइसेंसी दुनाली बंदूक देर शाम बरामद कर ली गई है, जबकि अन्य आरोपियों और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।