तेल बेचने वाली सबसे बड़ी संस्था ओपेक में एक और बड़ी टूट हो सकती है. संयुक्त अरब अमीरात के बाद इराक इससे बाहर निकलने पर विचार कर रहा है. इराक का कहना है कि अगर ओपेक में उसकी शर्तों को नहीं माना जाता है, तो बगदाद इस संस्था से बाहर निकल सकता है. ईरान युद्ध खत्म होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने खुद को ओपेक और ओपेक प्लस से अलग कर लिया था.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इराकी सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट की है. इसके मुताबिक इराक बेचने के लिए ओपेक कोटा में बढ़ोतरी चाहता है. अगर यह बढ़ोतरी नहीं हो पाती है तो इराक इस संस्था से खुद को बाहर निकाल सकता है.

सवाल ओपेक से इराक क्या चाहता है?

इराक सरकार के प्रवक्ता हैदर अल अबूदी ने कहा हमने 7 मिलियन बैरल तेल उत्पादन का लक्ष्य रखा है. यानी इराक आने वाले समय में 7 मिलियन बैरल तेल प्रतिदिन बेचना चाहता है. इराक अपनी पूरी तेल निर्यात क्षमता को बहाल करने के लिए काम कर रहा है. हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा तेल बेचने की है, जिससे अर्थव्यवस्था में तेजी आए.

ओपेक कोटा से फिलहाल इराक को 4 मिलियन बैरल तेल प्रतिदिन बेचने की इजाजत है. यह आंकड़ा ईरान युद्ध से पहले की है. ईरान युद्ध के दौरान इराक सिर्फ 1 मिलियन बैरल तेल प्रतिदिन बेच पाया है. इराक अब इसकी भरपाई के लिए कोटा बढ़ाना चाहता है.

ईरान युद्ध के कारण इराक की अर्थव्यवस्था पर दबाव है. इराक के राजस्व का मुख्य स्रोत तेल ही है, जो होर्मुज के बंद रहने के कारण नहीं बिक पाया है. हालांकि, इराक की कोशिश अब इसे सुधारने की है.

हाल ही में इराक के प्रधानमंत्री ने बगदाद में निवेश और तेल उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के निर्देश दिए थे.

इराक के बाहर निकलने से क्या असर होगा?

इराक ओपेक का संस्थापक सदस्य देश है. ओपेक की पहली बैठक इराक की राजधानी बगदाद में हुई थी. इराक ओपेक का मजबूत सदस्य माना जाता है. इराक अगर इस संस्था से बाहर निकलता है तो इसकी एकता को झटका लग सकता है. क्योंकि, पहले ही तेल उत्पादन के मुद्दे पर संयुक्त अरब अमीरात इससे बाहर जा चुका है.

इतना ही नहीं, इराक के बाहर निकलने से तेल की कीमतों में कमी आ सकती है. क्योंकि, तेल उत्पादन जैसे ही बढ़ेगा, बाजार में उसका दबाव बनेगा. यह सऊदी और ओपेक के अन्य सदस्यों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है.

इसके अलावा ओपेक से कुछ और देश बाहर निकल सकते हैं. क्योंकि, स्वतंत्र तरीके से तेल बेचना देशहित में उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.