भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ कप्तानी डेब्यू करते ही बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह सबसे ज्यादा टी20 मैचों में कप्तानी करने के बाद टीम इंडिया की कमान संभालने वाले खिलाड़ी बन गए और इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया।

Shreyas Iyer Captaincy debut: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बेलफास्ट में खेला जा रहा है। इस मैच के साथ ही भारतीय टीम को टी20 इंटरनेशनल में नया कप्तान भी मिल गया। सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभाल रहे श्रेयस अय्यर पहली बार इस फॉर्मेट में कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरे।
श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला कई मायनों में खास रहा। उन्होंने कप्तान के तौर पर डेब्यू करते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अय्यर सबसे ज्यादा टी20 मैचों में कप्तानी करने के बाद भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल कप्तानी संभालने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
114 टी20 मैचों के बाद मिली टीम इंडिया की कप्तानी
बीसीसीआई ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए टी20 विश्व कप 2026 के बाद श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सौंपी है। खास बात यह रही कि अय्यर 936 दिनों बाद टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरे और पहले ही मैच में कप्तान के तौर पर मैदान पर दिखाई दिए। श्रेयस इससे पहले विभिन्न टी20 टूर्नामेंटों में 114 मैचों में कप्तानी कर चुके थे। इसी के साथ वह सबसे ज्यादा टी20 मैचों में कप्तानी का अनुभव हासिल करने के बाद भारत की टी20 टीम की कमान संभालने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 80 टी20 मैचों में कप्तानी करने के बाद पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी की थी।
That feeling of walking out for your first toss as #TeamIndia Captain 🙌
Moments to cherish for Shreyas Iyer ✨
Updates ▶️ https://t.co/gdoXw2dAKR#IREvIND | @ShreyasIyer15 pic.twitter.com/1pio3YOPco
— BCCI June 26, 2026
इस लिस्ट में रोहित और विराट भी पीछे
सबसे ज्यादा टी20 मैचों में कप्तानी करने के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब श्रेयस अय्यर शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 114 टी20 मैचों में कप्तानी करने के बाद टीम इंडिया की कमान संभाली। उनके बाद रोहित शर्मा , विराट कोहली , केएल राहुल , ऋषभ पंत और शिखर धवन का नाम शामिल है। यह रिकॉर्ड बताता है कि श्रेयस भारतीय टीम की कप्तानी तक पहुंचने से पहले काफी लंबा कप्तानी अनुभव हासिल कर चुके थे।
टी20 कप्तानी में तीसरे सबसे उम्रदराज डेब्यू कप्तान
श्रेयस अय्यर ने 31 साल और 202 दिन की उम्र में पहली बार भारतीय टी20 टीम की कप्तानी की। इसी के साथ वह इस फॉर्मेट में भारत के तीसरे सबसे उम्रदराज कप्तान बने, जिन्होंने पहली बार कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। इस सूची में शिखर धवन पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 35 साल 232 दिन की उम्र में टी20 टीम की पहली बार कप्तानी की थी। दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जबकि श्रेयस अय्यर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा और केएल राहुल इस सूची में क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
Shreyas Iyer के सामने नई जिम्मेदारी
टी20 विश्व कप जीत के बाद भारतीय टीम नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ रही है। ऐसे में श्रेयस अय्यर पर टीम को लगातार सफलता दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले से उन्होंने कप्तानी की नई शुरुआत की है और अब उनकी कोशिश इस जिम्मेदारी को लंबे समय तक सफलतापूर्वक निभाने की होगी।



