Bihar Man Slits Throat For Liquor Money: बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने कथित तौर पर अपना ही गला चाकू से रेत लिया। घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के करवतही गांव की है। घायल युवक की पहचान 38 वर्षीय मुन्ना मियां के रूप में हुई है, जो लंबे समय से शराब का आदी बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, मुन्ना मियां ने शराब पीने के लिए अपनी पत्नी से पैसे मांगे थे, लेकिन पत्नी द्वारा इनकार किए जाने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने चाकू से अपने गले पर वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गोपालगंज जिले की घटना
दरअसल यह घटना के कुचायकोट थाना क्षेत्र के करवतही बाजार की है। घायल की पहचान करवतही गांव निवासी 38 वर्षीय मुन्ना मियां के रूप में हुई है, जो मुख्तार मियां का पुत्र है। परिजनों के अनुसार, मुन्ना मियां शराब का आदी है। उसकी पत्नी मुन्नी खातून गांवगांव घूमकर चूड़ियां बेचती है और उसी की कमाई से परिवार का भरणपोषण होता है।
शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर हुआ विवाद
मुन्ना मियां ने रविवार को शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे, लेकिन पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मुन्ना मियां ने आवेश में आकर गले पर चाकू से वार कर लिया। घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया
तो वहीं सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार बताया गया की युवक के गले में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए उसे रेफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
परिजनों के बयान के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
बता दें कि इलस पूरी घटना की सूचना मिलने के बाद कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के बाद युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



