
रोटी, पराठे या डोसा बनाने के लिए लगभग हर किचन में लोहे का तवा इस्तेमाल होता है. रोज इस्तेमाल होने की वजह से समय के साथ इस पर तेल और चिकनाई की मोटी परत जमने लगती है, जिसे नॉर्मल डिशवॉश से साफ करना आसान नहीं होता. बार-बार साफ करने के बाद भी तवे से ये चिकनाई नहीं हटती है. ऐसे में इसपर वापस खाना बनाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. अब, अगर आपके तवे का भी ये हाल है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिप्ती कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने तवे पर जमी चिकनाई साफ करने का एक आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें
तवे पर जमा जिद्दी चिकनाई को साफ करने के लिए आपको बर्फ और बेकिंग सोडा की जरूरत होगी.
क्या करें?
वीडियो में दिप्ती कपूर बताती हैं, सबसे पहले जले हुए या चिकनाई वाले तवे को अच्छी तरह गर्म कर लें. तवा गर्म होने के बाद गैस को बंद कर दें या आंच कम कर दें. इसके बाद गर्म तवे पर बर्फ के कुछ टुकड़े डालें. इसके साथ ही करीब एक चम्मच बेकिंग सोडा भी डाल दें. थोड़ी देर बाद आप देखेंगे कि तवे पर जमा सारी गंदगी और चिकनाई साइड से साफ होकर बीच में आ जाएगी.
बर्फ और बेकिंग सोडा कैसे करेंगे काम?
दरअसल, बर्फ गर्म तवे के संपर्क में आते ही तेजी से पिघलती है और भाप बनाती है. वहीं, बेकिंग सोडा तवे पर चिपकी गंदगी और चिकनाई को ढीला करने में मदद कर सकता है. इस तरह इस आसान से हैक से कुछ ही सेकंड में तवे पर जमा ग्रीस एक जगह इकट्ठा होने लगती है.
जब चिकाई साफ होकर बीच में जमा होने लगे, तब तवे को एक बार साफ पानी से धो लें. इसके बाद तवे को हल्के हाथ से रगड़कर गंदगी हटाने की कोशिश करें. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। गंदगी निकलने के बाद तवे को एक बार फिर पानी से साफ करें और फिर अपने रोज इस्तेमाल वाले डिशवॉश से धो लें. इसके बाद तवे को अच्छी तरह सुखाकर इस्तेमाल किया जा सकता है.
इन बातों का रखें ध्यान
इस तरीके को आजमाते समय सावधानी जरूर रखें. गर्म तवे पर बर्फ डालने से अचानक भाप बन सकती है और गर्म छींटे निकल सकते हैं. इसलिए अपने हाथों को तवे से दूर रखें और चेहरे को भी बहुत पास न ले जाएं.



