
शहडोल |19 सितंबर 2026| मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है। यहाँ सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दरैन बाहा टोला में खेत के बीच बने घर में अकेली रह रही 55 साल की विधवा महिला प्रेम बाई अहिरवार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रात के अंधेरे में किसी अज्ञात हमलावर ने इस वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब खून से लथपथ लाश मिली, तो पूरे गाँव में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया।
सिर पर भारी चीज से किया वार
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका के पति स्व. राम नारायण अहिरवार शिक्षक थे। उनकी मौत के बाद से ही प्रेम बाई खेत में बने घर में अकेली रहती थी। रात के वक्त अज्ञात आरोपी ने उनके घर में घुसकर सिर पर किसी भारी और वजनदार चीज से जोरदार हमला कर दिया। वार इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या की मुख्य वजह क्या थी, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
मृतका के हैं दो बेटे
पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो मृतका के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा देवशरण अहिरवार गाँव में बने पुराने मकान में अलग रहता है। खेत वाले घर पर महिला के अकेले रहने की वजह से आरोपी ने रात के सन्नाटे का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इस मामले में अज्ञात हत्यारे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि रात के समय खेत के आसपास कौन-कौन से संदिग्ध लोग देखे गए थे। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।



