
मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही इस कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि, वाहन के परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी खौफनाक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह हादसा सुबह करीब 5.20 बजे लोटस जेटी के पास, लाला लाजपत राय कॉलेज के नजदीक हुआ।
कार मरीन ड्राइव से जा रही थी हाजी अली की ओर
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को बीएमडबलू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी, तभी लाला लाजपत राय कॉलेज के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर और ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर नायर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 17वर्षीय धैर्य दर्शन सेठ, 19 वर्षीय आदित्य जकसानिया और 21 वर्षीय शनाय गजर की मौत हो गई। वहीं 23 वर्षीय आदित्य कल्पेश्वर ओसवाल गंभीर रूप से घायल हैं, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
200 KM/H की स्पीड से खंभे से टकराई कार
पुलिस की शुरुआती जांच रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के वक्त डब्लू कार की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। अत्यधिक तेज गति होने के कारण चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बेकाबू कार सड़क के डिवाइडर और कोस्टल रोड के किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, कार के परखच्चे उड़ गए।
दादरा और नगर हवेली में रजिस्टर्ड है कार
हादसे में शामिल BMW का रजिस्ट्रेशन नंबर DD01-C-6302 है। यह गाड़ी दादरा और नगर हवेली में रजिस्टर्ड है और फाल्गुन गजर के नाम पर है। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। फिलहाल, ताड़देव पुलिस स्टेशन की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों व परिस्थितियों की आगे की गहन जांच कर रही है।



