Greater Noida News: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात कश्मीरी गेट दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर एसी बस में लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत के बाद अस्पताल के बेड से आई तस्वीरें और कहानियां रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं. हिसार से अपने पति देवेंद्र भारद्वाज के साथ सास के देहांत के शोक में महोबा जा रहीं रेखा भारद्वाज इस भयावह अग्निकांड में बालबाल तो बच गईं, लेकिन उनकी दुनिया उजड़ गई.

आरोग्य अस्पताल में भर्ती रेखा भारद्वाज का रोरोकर बुरा हाल है. हादसे के सदमे में उन्हें न तो घर के किसी सदस्य का फोन नंबर याद आ रहा है और न ही वे स्थिति को पूरी तरह संभाल पा रही हैं. पीड़िता रेखा भारद्वाज ने आपबीती सुनाते हुए बताया हम महोबा सास के शोक में शामिल होने जा रहे थे. रात के करीब 11 बजे जब बस जेवर के पास किलोमीटर 33 पर पहुंची, तब मैं सो रही थी. अचानक ड्राइवर चिल्लाया कि बस में आग लग गई है, सब बाहर निकलो. बस के मेन गेट को आग की लपटों ने घेर रखा था और पूरी बस में काला धुआं भर गया था. बस की छत और डिग्गी में भारी सामान भरा हुआ था जिससे बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया.”
“लोग मेरे ऊपर से गुजरते रहे, पति बाहर नहीं निकल पाए”
भगदड़ का खौफनाक मंजर बयां करते हुए रेखा ने कहा जब सब बाहर भागने लगे तो मैं भी बाहर की ओर भागी. लेकिन धक्कामुक्की में बस के अंदर ही पेट के बल गिर गई. काफी देर तक मैं नीचे पड़ी रही और बदहवास लोग मेरे ऊपर से होकर गुजरते रहे. मेरे पति देवेंद्र भारद्वाज के पैर में पहले से रॉड लगी हुई थी, जिस वजह से वे तेजी से भाग नहीं सके और बस से बाहर नहीं निकल पाए. जब मुझे होश आया तो मैं खुद को सड़क पर पड़ा पाया, ड्राइवर बस छोड़कर भाग चुका था.
पति की मौत से बेखबर, फोन जलकर राख
हादसे में देवेंद्र भारद्वाज की बस के अंदर ही जिंदा जलकर मौत हो चुकी है. लेकिन सदमे में डूबी रेखा को अभी तक इस दुखद खबर का पूरा अहसास नहीं है. बस में उनका मोबाइल फोन जलकर राख हो गया, जिससे वे अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रही हैं.
ADM अजीत कुमार सिंह पहुंचे अस्पताल, 15 यात्री भेजे गए महोबा
हादसे की सूचना मिलने पर ADM अजीत कुमार सिंह जेवर स्थित आरोग्य अस्पताल पहुंचे और घायल रेखा भारद्वाज से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का जायजा लिया. एडीएम अजीत कुमार सिंह ने बताया घटना 23 सितंबर 2026 की रात्रि करीब 11:15 बजे की है. प्रथम दृष्टया बस के एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगना बताया गया है.
बस में सवार करीब 35 यात्रियों में से 9 की मौत हुई है. लगभग 15 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद विशेष वाहन से महोबा भेज दिया गया है. बस को जब्त कर लिया गया है और मृतकों व घायलों के परिजनों से संपर्क कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.



