
हैदराबाद:
शादी करने का सपना संजोए एक प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपराध का रास्ता चुन लिया. आंध्र प्रदेश से हैदराबाद नौकरी की तलाश में आए युवक और युवती पर एक वृद्ध महिला से सोने की चेन लूटने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक दोनों को रोजगार नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने शादी के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया. मामले की जांच के बाद मलकाजगिरी कमिश्नरेट क्षेत्र की वनस्थलीपुरम पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी का आभूषण बरामद कर लिया है.
मंदिर में काम कर रही महिला को बनाया निशाना
NDTV को पुलिस ने बताया कि घटना 18 अक्टूबर की सुबह करीब 6:04 बजे हास्तिनापुरम स्थित वेंकट रमणा कॉलोनी के राजा राजेश्वरी मंदिर में हुई. 65 वर्षीय मंदिर कर्मचारी अंडुगुला रामुलम्मा मंदिर परिसर की सफाई कर रही थीं, तभी आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया. जांच में सामने आया कि उस समय मंदिर में अन्य श्रद्धालुओं की मौजूदगी नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर दोनों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Photo Credit: NDTV
ऐसे की गई चेन स्नैचिंग
पुलिस के मुताबिक 24 वर्षीय टेंका वरलक्ष्मी ने वृद्ध महिला को पकड़ लिया और उनका मुंह दबा दिया. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। इसी दौरान 23 वर्षीय अन्नापु रेड्डी दुर्गा रमणा रेड्डी ने महिला के गले से करीब 30 ग्राम वजन का सोने का ‘पुस्थेलताडु’ (मंगलसूत्रनुमा आभूषण) जबरन छीन लिया. वारदात के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर मौके से फरार हो गए.
CCTV से मिला सुराग
घटना के बाद वनस्थलीपुरम पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया और उनकी आवाजाही पर नजर रखी. बुधवार सुबह कमला नगर स्थित एक ज्वेलरी दुकान के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का आभूषण और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पुलिस ने बरामद किया लूट का सामान
Photo Credit: NDTV
डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे दोनों
पुलिस के अनुसार अन्नापु रेड्डी दुर्गा रमणा रेड्डी आंध्र प्रदेश के माचेरला का रहने वाला है, जबकि टेंका वरलक्ष्मी काकीनाडा की निवासी है. दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध में थे और हैदराबाद के गुर्रमगुडा इलाके में साथ रह रहे थे. करीब एक महीने पहले वे रोजगार की तलाश में शहर आए थे.
शादी के लिए चाहिए थे पैसे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने और रोजगार नहीं मिलने के कारण वे परेशान थे. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और यह उनका पहला अपराध माना जा रहा है. पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि आर्थिक संकट के चलते उन्होंने चेन स्नैचिंग की योजना बनाई थी.
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया. अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या दोनों किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं.
यह भी पढ़ें : दृश्यम फिल्म देखकर जिगरी दोस्त का मर्डर! सोने की चेन के लिए चाकू से हमला, फिर पेट्रोल डालकर जला दिया शव



