मथुरा में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय बैठक के बाद पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 25 सूत्रीय एजेंडा तैयार किया है. इस ब्लूप्रिंट के जरिए बीजेपी विधानसभा क्षेत्र से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए आम मतदाता तक पहुंचने की तैयारी कर रही है. पार्टी का जोर जातीय समीकरणों की जानकारी जुटाने, प्रभावशाली लोगों की पहचान करने, नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने, लाभार्थियों से सीधा संपर्क बनाने और सोशल मीडिया के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करने पर है.

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस एजेंडे में हर विधानसभा क्षेत्र के अलगअलग मंडलों में जातियों की संख्या और उनके प्रमुख नेताओं की सूची तैयार करने से लेकर स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोगों की पहचान करने तक के निर्देश शामिल हैं. बीजेपी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभावशाली व्यक्तियों, सक्रिय महिलाओं, कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों, कारोबारियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने का खाका तैयार किया है.
जातीय समीकरण से नाराज नेताओं तक, हर विधानसभा का बनेगा डेटा
बीजेपी के 25 सूत्रीय एजेंडे में सबसे अहम हिस्सा विधानसभा क्षेत्र का सामाजिक और संगठनात्मक डेटा तैयार करना है. इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्तियों की पहचान की जाएगी. साथ ही विधानसभा क्षेत्र की 100 सक्रिय महिलाओं की सूची तैयार होगी. हर मंडल से 25 सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम जुटाए जाएंगे. प्रत्येक बूथ से पांच सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सूची बनाई जाएगी.
बीजेपी के नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनसे संपर्क किया जाएगा. दूसरे राजनीतिक दलों के नाराज कार्यकर्ताओं की भी सूची तैयार होगी. विधानसभा क्षेत्र में जीते और हारे हुए ग्राम प्रधानों तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों का ब्योरा जुटाया जाएगा. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। प्रत्येक मंडल में विभिन्न जातियों की संख्या और उनके प्रमुख नेताओं की सूची तैयार की जाएगी.इस कवायद के जरिए पार्टी स्थानीय स्तर पर सामाजिक समीकरणों और राजनीतिक प्रभाव रखने वाले लोगों की जानकारी जुटाना चाहती है.
सरकारी कर्मचारियों से लेकर कारोबारियों तक की सूची बनेगी
बीजेपी का एजेंडा केवल पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं तक सीमित नहीं है. इसमें विधानसभा क्षेत्र में रहने और काम करने वाले अलगअलग पेशे और वर्गों के लोगों का डेटा तैयार करने की योजना भी शामिल है. इसके तहत ग्रामसभा स्तर पर ऐसे सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की सूची बनाई जाएगी, जो नौकरी के लिए अपने क्षेत्र से बाहर रहते हैं. विधानसभा क्षेत्र में काम करने वाले सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी, शिक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटाई जाएगी.
इसके अलावा सक्रिय एनजीओ और उनके स्वामित्व वाले लोगों, प्रमुख गायकों, खिलाड़ियों और अन्य ख्याति प्राप्त व्यक्तियों की पहचान की जाएगी. ठेकेदारों, कोटेदारों, किसानों, व्यापारियों और उद्योगपतियों की सूची भी तैयार होगी. विधानसभा क्षेत्र के मठों, मंदिरों और गुरुद्वारों का ब्योरा जुटाने की योजना भी एजेंडे में शामिल है.
मोर्चों और सहकारी संस्थाओं के जरिए संपर्क बढ़ाने की तैयारी
बीजेपी अपने विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय करेगी. महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में ज्यादा सक्रिय करने पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही PACS यानी प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, डेयरी, सरकारी बैंकों और अन्य सहकारी संस्थाओं के सदस्यों से संपर्क करने की योजना बनाई गई है. पार्टी का प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र में मौजूद अलगअलग सामाजिक और पेशेवर समूहों तक संगठन की पहुंच बनाई जाए.
हर बूथ पर 11 बाइकर्स, सप्ताह में एक बार मोटरसाइकिल यात्रा
बीजेपी के 25 सूत्रीय एजेंडे में बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए भी खास व्यवस्था की गई है. इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 11 मोटरसाइकिल वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी. ये कार्यकर्ता सप्ताह में एक बार मोटरसाइकिल यात्रा निकालेंगे. इसके अलावा प्रत्येक बूथ पर पांच स्थानों पर कमल का चुनाव चिह्न पुतवाने की योजना है. बूथ स्तर पर लाभार्थियों के घर जाकर उनसे चायपानी के दौरान संवाद और संपर्क बढ़ाने का निर्देश भी एजेंडे में शामिल है. पार्टी का जोर केवल चुनाव के समय संपर्क करने के बजाय नियमित रूप से बूथ स्तर पर लोगों के बीच पहुंच बनाए रखने पर है.
दलित मतदाताओं और नए वोटरों पर भी फोकस
बीजेपी के इस ब्लूप्रिंट में अनुसूचित जाति वर्ग और दलित मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए भी अलग रणनीति शामिल की गई है. इसके तहत दलित मतदाताओं के बीच 10 नए सदस्य बनाने और अनुसूचित जाति वर्ग में नए मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर काम किया जाएगा. इसके साथ ही बूथ स्तर पर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए सामाजिक संपर्क योजना तैयार करने की बात कही गई है. संघ के विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के परिवारों का मतदान दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सुनिश्चित कराने की व्यवस्था बनाने का बिंदु भी एजेंडे में शामिल है.
हर विधानसभा में 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची
बीजेपी के 25 सूत्रीय एजेंडे का एक अहम हिस्सा सोशल मीडिया भी है. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के नाम जुटाए जाएंगे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आगे चलकर इन इन्फ्लुएंसर्स के जरिए सरकार और पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार कराने की योजना है. कुल मिलाकर मथुरा की बैठक के बाद बीजेपी इस माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए विधानसभा क्षेत्र के हर वर्ग और प्रभावशाली समूह तक अपनी पहुंच बनाने की तैयारी कर रही है.



