
कभी-कभी फिल्म इंडस्ट्री में किसी कहानी पर भरोसा करने के लिए बड़ा बजट, बड़े सितारे और किसी बड़े बैनर का नाम नहीं, बल्कि सिर्फ कहानी की ताकत चाहिए होती है. फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कहानी भी कुछ ऐसी ही नजर आती है. बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म ने शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर भले ही धीमी रफ्तार पकड़ी, लेकिन धीरे-धीरे लोगों के बीच ये पॉपुलर होती चली गई और फिल्म ने कमाई के मामले में बड़ा आंकड़ा पार कर लिया. अब फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर ने मेकिंग के समय होने वाली परेशानियों और उन लोगों के रिएक्शन के बारे में खुलकर बात की है, जिन्होंने शुरुआत में इस प्रोजेक्ट पर भरोसा नहीं जताया था.
अनुप्रिया नागर के मुताबिक, फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान टीम को आर्थिक मदद जुटाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. टीम ने कई लोगों से कॉन्टैक्ट किया, लेकिन कम बजट, नए कलाकारों और निर्देशक की पहली फिल्म होने की वजह से ज्यादातर लोग इन्वेस्ट करने के लिए तैयार नहीं थे. आसान शब्दों में कहें, तो कई लोगों को लगा कि ये एक छोटी फिल्म है, आएगी और कुछ समय बाद गायब हो जाएगी.
सफलता के बाद बदली कहानी
अनुप्रिया ने बताया कि रिलीज से पहले कुछ लोगों ने जरूर टीम का साथ दिया, लेकिन बड़े लेवल पर प्रोजेक्ट पर भरोसा करना कई लोगों के लिए मुश्किल था. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यही छोटी फिल्म आगे चलकर बॉक्स ऑफिस पर राज करेगी. फिल्म के रिलीज होने के बाद तस्वीर धीरे-धीरे बदलती चली गई. शुरुआत में महज करीब 10 लाख रुपये की कमाई से सफर शुरू करने वाली फिल्म ने ऑडियंस के रिएक्शन के दम पर रफ्तार पकड़ ली. इसके बाद बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई लगातार बढ़ती गई और रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में इसका कलेक्शन 350 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है.
जबकि बाद के आंकड़ों में ये 370 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया गया. इसी सफलता के बाद उन लोगों में से कुछ ने अनुप्रिया और उनकी टीम से कॉन्टैक्ट किया, जिन्होंने शुरुआत में इस प्रोजेक्ट से जुड़ने से इनकार किया था. यानी जिस फिल्म को कभी जोखिम वाला प्रोजेक्ट माना जा रहा था, उसकी सफलता ने लोगों की सोच बदल दी.
‘हमें माफ कर दीजिए, ये हमारी सबसे बड़ी गलती थी’
सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत के दौरान अनुप्रिया ने बताया कि कुछ निर्माताओं ने उनसे मिलकर न सिर्फ फिल्म की सफलता पर बधाई दी, बल्कि अपने पुराने फैसले के लिए माफी भी मांगी. उनके मुताबिक, कुछ लोगों ने उनसे कहा कि फिल्म उनके पास आई थी, लेकिन वो उस वक्त टीम के साथ नहीं जुड़ पाए और अब उन्हें इसका अफसोस है. एक निर्माता ने कथित तौर पर इसे अपनी सबसे बड़ी गलती तक बताया. अनुप्रिया के अनुसार, उन लोगों ने ये भी कहा कि इस फिल्म ने उन्हें दिखाया कि कम बजट की फिल्म भी कितना बड़ा असर पैदा कर सकती है. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। हालांकि, अनुप्रिया ने साफ किया कि वो उन लोगों को उनके शुरुआती फैसले के लिए दोषी नहीं मानतीं, क्योंकि उस समय ये सच में एक छोटी और लिमिटेड चीजों के साथ तैयार की जाने वाली फिल्म थी.
नीम करोली बाबा की कहानी ने जीता दिल
‘हनुमान अंश’ की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन से इंस्पायर है. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शोभिनव सत्या ने आध्यात्मिक गुरु की भूमिका निभाई है. कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक व्यक्ति के सफर को दिखाती है, जो अपनी मां की मौत के बाद आध्यात्मिक के रास्ते पर निकलता है और आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में पहचाना जाता है. फिल्म में विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवन्दास पटेल जैसे कलाकार भी नजर आते हैं. फिल्म की सफलता ने एक बार फिर से ये साबित कर दिया कि ऑडियंस के लिए बड़े नामों से ज्यादा जरूरी एक ऐसी कहानी है, जिससे वो इमोशनली जुड़ पाएं.


