उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली. पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने उनके निधन की पुष्टि की है. सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहती थीं. इसी गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म हुआ था. उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे. 89 साल के आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था.

यह दुखद खबर उस वक्त आई जब सीएम योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे. फिलहाल उनकी तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई और न ही यह कंफर्म हुआ है कि वो पौड़ी गढ़वाल जाएंगे या नहीं. गौरतलब है कि जब पिता का निधन हुआ था, तब कोविड प्रोटोकॉल के चलते सीएम योगी उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे. उस दौरान उन्होंने कहा था कि यूपी में कोरोना संकट और लॉकडाउन के कारण वे पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाएंगे.
सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार कल यानी शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर होगा. इसमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे. सावित्री देवी के सीएम योगी समेत उनके चार बेटे और तीन बेटियां हैं. इनमें भाई मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शैलेंद्र मोहन और बहनें पुष्पा देवी, कौशल्या और शशि देवी शामिल हैं.
1994 में घर छोड़कर संन्यासी बन गए थे योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है. उनका जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था. उन्होंने साल 1994 में सांसारिक जीवन छोड़कर संन्यास ले लिया था. इसके बाद वह गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़े और महंत अवैद्यनाथ के शिष्य बने. संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ का परिवार से मिलनाजुलना कम हो गया था, लेकिन मां से उनका जुड़ाव बना रहा. मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह समयसमय पर अपने पैतृक गांव और परिवार से मिलने जाते रहे.
पार्थिव शरीर को पैतृक आवास पर ही रखा गया है
2022 में 28 साल बाद गांव पहुंचे थे योगी
मई 2022 में योगी आदित्यनाथ करीब 28 साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। गांव में उनके स्वागत की तैयारी की गई थी. योगी ने अपने घर पर रात भी बिताई थी.
2024 में AIIMS ऋषिकेश में मां से मिलने पहुंचे थे
जून 2024 में भी योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे थे. सावित्री देवी उम्र संबंधी परेशानियों के चलते अस्पताल में भर्ती थीं. सीएम योगी ने अस्पताल के डॉक्टरों से मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनसे मुलाकात की. वह करीब 20 मिनट तक मां के साथ रहे थे. इस दौरान उत्तराखंड के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद थे.
इस साल मई में मां से लिया था आशीर्वाद
मई 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. उनका यह उत्तराखंड दौरा दो दिवसीय था. 7 मई को वह गांव पहुंचे और 8 मई को धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने पंचूर गांव में नवनिर्मित श्री हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और श्री विष्णु महायज्ञ में हिस्सा लिया. धार्मिक अनुष्ठानों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया. उन्होंने परिवार के दूसरे सदस्यों और रिश्तेदारों से भी मुलाकात की.
इस दौरे में योगी ने गांव के लोगों से भी मुलाकात की और परिवार के साथ वक्त बिताया. गांव की पगडंडियों पर घूमने और ग्रामीणों का हालचाल जानने की तस्वीरें भी सामने आई थीं. दौरे के दौरान एक भावुक पल तब आया, जब उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. यह प्रतिमा बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय परिसर में स्थापित की गई है.
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. सीएम धामी ने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है… मां का निधन परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिजनों के साथ हैं.



