
ग्वालियर |19 अक्टूबर 2026| मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से सटे डबरा शहर के महावीरपुरा इलाके से एक काफी हैरान करने वाला और हाई-वोल्टेज मामला सामने आया है। दरअसल, यहाँ दो युवकों द्वारा एआई (AI) तकनीक का गलत इस्तेमाल करके एक 22 साल की युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने और उन्हें फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से वायरल करने का मामला तूल पकड़ गया।
युवकों की इस घिनौनी हरकत से परेशान होकर पीड़िता और उसके परिवार वालों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने दोनों युवकों को पकड़कर बीच सड़क पर ही सबक सीखा दिया।
एआई की मदद से बनाई गई थी आपत्तिजनक तस्वीरें
पूरी घटना की शुरुआत तब हुई जब केवल कोरी और इशू कोरी नाम के दो युवकों ने मिलकर पीड़िता की फर्जी प्रोफाइल तैयार की। आरोप है कि दोनों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल का इस्तेमाल करके युवती की आपत्तिजनक फोटो बनाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जब इस बात का पता पीड़िता को चला, तो उसने तुरंत परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद गत 4 अक्टूबर को देहात थाना पुलिस में आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मामला दर्ज कराया गया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा भी था।
सामने आते ही परिजनों का फूटा गुस्सा
हालांकि पुलिस केस दर्ज हो चुका था, लेकिन फिर भी जब दोनों आरोपी युवक पीड़िता और उसके परिवार के सामने आए, तो माहौल अचानक गरमा गया। कानूनी प्रक्रिया के बीच परिजनों का सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने खुद ही दोनों को सबक सिखाने की ठान ली। इसके बाद पीड़िता, घर की महिलाओं और मुंह बांधे कुछ युवकों ने मिलकर दोनों आरोपियों को घेर लिया और चप्पलों व बेल्टों से उनकी जमकर धुनाई कर दी। देखते ही देखते इस पूरे वाकये का वीडियो भी कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
मारपीट के बाद थाने पहुंचे आरोपी
दूसरी तरफ, बीच सड़क हुई इस पिटाई के बाद दोनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर परिजनों के साथ सीधे सिटी थाने पहुंच गए। थाने में पहुंचकर युवकों ने एक नया मोड़ लाते हुए आरोप लगाया कि वार्ड पार्षद कीर्ति पचौरिया के पति दिनेश पचौरिया ने उनके साथ यह मारपीट करवाई है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाए और उनके साथ मारपीट करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस ने शुरू की वायरल वीडियो के आधार पर जांच
मामला बढ़ता देख पुलिस प्रशासन भी तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की बातें सुन ली गई हैं और वायरल हो रहे वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों और साइबर क्राइम करने वालों, दोनों ही पहलुओं से इस मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।


