लगातार एसिडिटी, अपच या पेट में जलन होना हर बार किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता. अधिकतर मामलों में ये समस्याएं एसिड रिफ्लक्स, फंक्शनल डिस्पेप्सिया, पेट के अल्सर या खानपान से जुड़े कारणों की वजह से होती हैं.

डॉक्टर सचिन एच जे कहते हैं कि अगर परेशानी लंबे समय तक बनी रहे या उचित इलाज के बावजूद बारबार हो, तो इसकी वजह जानना जरूरी है. कुछ मामलों में पेट के कैंसर के शुरुआती लक्षण भी सामान्य अपच जैसे हो सकते हैं.

पेट के कैंसर में लगातार पेट दर्द या भारीपन, थोड़ा खाना खाने पर ही पेट भर जाना, भूख कम लगना, बिना किसी स्पष्ट कारण वजन घटना, बारबार उल्टी होना या निगलने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं.

उल्टी में खून आना या मल का काला होना भी गंभीर चेतावनी के संकेत हैं. विशेष रूप से अगर अपच या एसिडिटी के साथ इनमें से कोई लक्षण मौजूद हो, तो बिना देरी किए डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए.

मरीज की उम्र, लक्षणों और अन्य जोखिम कारकों के आधार पर डॉक्टर एंडोस्कोपी या अन्य आवश्यक जांच की सलाह दे सकते हैं. हालांकि, हर एसिडिटी या अपच के मरीज को एंडोस्कोपी की जरूरत नहीं होती.

यह समझना जरूरी है कि केवल एसिडिटी होने का मतलब पेट का कैंसर नहीं है. लेकिन लगातार बने रहने वाले लक्षणों को सामान्य गैस समझकर बारबार खुद से दवाइयां लेना भी उचित नहीं है. सही समय पर चिकित्सकीय मूल्यांकन से बीमारी की वजह पहचानने और उचित उपचार शुरू करने में मदद मिलती है.

ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।