Akash Deep Tilak Ceremony Rohtas: भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी रफ्तार से धाक जमाने वाले तेज गेंदबाज आकाश दीप अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. रविवार को रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव बड्डी में आयोजित तिलक समारोह किसी बड़े जश्न में बदल गया. सेलिब्रिटी वेडिंग की तर्ज पर सजे इस समारोह में जहां एक तरफ पारंपरिक रस्में निभाई गईं, वहीं दूसरी तरफ भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स और राजनीति के दिग्गजों के जुटने से गांव में मेले जैसा माहौल बन गया.

क्रिकेटर आकाश दीप के तिलक समारोह के लिए बड्डी गांव को बेहद खूबसूरत रंगबिरंगी रोशनियों और भव्य मंच से सजाया गया था. दिल्ली से आई विशेष इवेंट मैनेजमेंट और मेकअप टीम ने पूरे आयोजन को सेलिब्रिटी लुक दिया.
जानकारी के अनुसार, डेहरीऑनसोन के मानिकपुर से लड़की पक्ष के लोग पारंपरिक रीतिरिवाजों के साथ तिलक लेकर पहुंचे थे. स्थानीय मंदिर और घर के प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिलक की रस्म पूरी हुई, जहां परिवार के बुजुर्गों ने दूल्हा बने आकाश दीप को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया. अपने चहेते क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए गांव में हजारों फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी.
भोजपुरी सितारों की महफिल और नेताओं का जमावड़ा
इस तिलक समारोह की सबसे बड़ी यूएसपी भोजपुरी म्यूजिक और सिनेमा जगत के दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी रही. कलाकारों को अपने बीच पाकर स्थानीय युवाओं का उत्साह सातवें आसमान पर था.
भोजपुरी स्टार्स: महफिल में मशहूर गायक गुंजन सिंह, प्रमोद प्रेमी यादव, आलोक कुमार, गोलू राजा, ट्रेंडिंग सिंगर शिल्पी राज, शिल्पी राघवानी और अंकुश राजा जैसे चर्चित नाम शामिल हुए.
राजनीतिक हस्तियां: आकाश दीप को बधाई देने सासाराम के सांसद मनोज कुमार, दिनारा के विधायक आलोक सिंह, डेहरी के विधायक सोनू सिंह और चेनारी के विधायक मुरारी गौतम समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे.
पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का भोज और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
समारोह में आए हजारों मेहमानों के लिए एक भव्य और विशेष भोज का आयोजन किया गया था. इस मेन्यू में पारंपरिक बिहारी व्यंजनों के साथसाथ कई तरह के लजीज पकवान परोसे गए. भीड़ को देखते हुए प्रशासन और निजी सुरक्षा गार्ड्स द्वारा यातायात और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि सेलिब्रिटीज और राजनेताओं की मौजूदगी में कोई अव्यवस्था न हो.
जानिए कब है शादी और क्या है आगे का शेड्यूल?
आकाश दीप के परिवार के मुताबिक, तिलक संपन्न होने के बाद अब शादी की रस्में अंतिम दौर में हैं. 23 जून को गांव में ही पारंपरिक हल्दी और मटकोर की रस्में निभाई जाएंगी. फिर 24 जून को वाराणसी के आलीशान होटल ताज में भव्य विवाह समारोह संपन्न होगा, जिसमें खेल और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है.
क्या बोले लोग?
आकाश दीप : “अपने गांव के लोगों और परिवार के बीच इस खुशी को साझा करके बेहद भावुक और खुश हूं. सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए आभार.”
पवन कुमार : “कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए बेहतरीन तैयारियां की गई थीं. अभी शादी का मुख्य फंक्शन वाराणसी में होना बाकी है.”
चंद्रशेखर महतो : “हमारे पूरे क्षेत्र के लिए यह गर्व की बात है कि बड्डी गांव का लाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने के बाद अपनी जड़ों को नहीं भूला और गांव में आकर रस्में कर रहा है.”



