Featured Image

अलीराजपुर |15 नवंबर 2026| मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध प्रेम संबंधों के चलते एक युवक की जान चली गई। पुलिस जांच के मुताबिक, यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इसे एक सामान्य सड़क हादसे का रूप देने की पूरी कोशिश की, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन पुलिस की सतर्कता और एक छोटे से सुराग ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

पूरा मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के मोरधी गांव का है, जहां 12 नवंबर को पुलिस को चांदपुर-साकड़ी मार्ग पर एक युवक का शव और उसके पास ही दोपहिया वाहन मिला था। पहली नजर में देखने पर यह पूरा मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था और पुलिस ने भी इसी एंगल पर जांच शुरू की थी। हालांकि, जब जिला अस्पताल के पांच डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, तो सच्चाई सामने आ गई। रिपोर्ट में साफ हुआ कि युवक की मौत सड़क हादसे में नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नए सिरे से तफ्तीश शुरू की।

चार साल से चल रहा था अवैध संबंध

पुलिस अधीक्षक समर वर्मा के अनुसार, मृतक दिलीप की पत्नी का पिछले चार-पांच सालों से गांव के ही एक युवक के साथ अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। जब दिलीप को अपनी पत्नी के इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो घर में आए दिन कलह और विवाद होने लगा। इसी बीच, 12 नवंबर की शाम जब दिलीप शराब के नशे में था, तो उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी को घर बुला लिया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। प्रेमी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और आरोप है कि सभी ने मिलकर नशे की हालत में दिलीप को घर के पीछे खेत में खींचकर उसकी बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

मोबाइल फोन से मिला अहम सुराग

पुलिस के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की योजना बनाई। उन्होंने दिलीप के शव को उसकी स्कूटी पर लादा और चांदपुर-साकड़ी रोड पर ले जाकर ट्रैक्टर की मदद से वाहन को दुर्घटनाग्रस्त दिखा दिया, ताकि सबको लगे कि यह एक एक्सीडेंट है। इसके बाद वे शव को वहीं सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। हालांकि, घटनास्थल की बारीकी से जांच के दौरान पुलिस को एक लावारिस मोबाइल फोन मिला, जिसकी कॉल डिटेल्स और टेक्निकल सर्विलांस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा दिया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में पत्नी और प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।