आज के समय में कई लोग वजन कम करने के लिए डाइटिंग, एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाते हैं, लेकिन कुछ लोगों का वजन बिना किसी खास कोशिश के ही कम होने लगता है. शुरुआत में इसे कई लोग सामान्य बदलाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि कई मामलों में यह शरीर में हो रहे किसी बदलाव का संकेत भी हो सकता है. अगर कुछ ही महीनों में बिना डाइट या शारीरिक एक्टिविटी बढ़ाए वजन लगातार कम होने लगे, तो इसकी सही वजह जानना जरूरी हो जाता है.

कम होना हमेशा चिंता की बात नहीं होती, लेकिन जब यह बिना किसी स्पष्ट कारण के हो और लगातार जारी रहे, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. इसके पीछे लाइफस्टाइल, खानपान, मानसिक स्थिति या स्वास्थ्य से जुड़े कई कारण हो सकते हैं. ऐसे में सिर्फ वजन पर ध्यान देने के बजाय शरीर में दिखाई देने वाले दूसरे बदलावों पर भी नजर रखना जरूरी है. आइए जानते हैं कि बिना वजह वजन घटना किन गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है, इसके साथ कौन से लक्षण नजर आ सकते हैं और ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए.
बिना वजह वजन किन गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है?
अगर बिना डाइटिंग, एक्सरसाइज या लाइफस्टाइल में कोई बड़ा बदलाव किए लगातार वजन कम होने लगे, तो इसके पीछे कोई स्वास्थ्य समस्या हो सकती है. यह हाइपरथायरॉइडिज्म यानी थायरॉयड का अधिक एक्टिव होना, टाइप 1 या अनकंट्रोल्ड डायबिटीज, पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियां, टीबी या कुछ मामलों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है.
इसके अलावा लंबे समय तक रहने वाला तनाव, डिप्रेशन या अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं भी बिना वजह वजन कम होने का कारण बन सकती हैं. हालांकि सिर्फ वजन घटने के आधार पर किसी बीमारी का पता नहीं लगाया जा सकता. सही कारण जानने के लिए डॉक्टर की सलाह, शारीरिक जांच और जरूरत पड़ने पर कुछ टेस्ट कराना जरूरी होता है. अगर कुछ महीनों में शरीर के वजन का लगभग 5% या उससे अधिक वजन बिना किसी प्रयास के कम हो जाए, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
वजन घटने के साथ किन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?
अगर वजन कम होने के साथ लगातार थकान, भूख में बदलाव, लगातार बुखार, रात में ज्यादा पसीना आना, बारबार दस्त, पेट दर्द, निगलने में परेशानी, लगातार खांसी, मल या पेशाब में बदलाव या शरीर में किसी गांठ का महसूस होना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इन्हें हल्के में नहीं लेना चाहिए. ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है, ताकि सही कारण का समय पर पता चल सके.
बिना कारण वजन घटने पर क्या करें और कब डॉक्टर से मिलें?
अगर बिना किसी कोशिश के आपका वजन लगातार कम हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें. अपने खानपान, शारीरिक एक्टिविटी और अन्य लक्षणों पर ध्यान दें. अगर कुछ हफ्तों या महीनों तक वजन लगातार घटता रहे या इसके साथ अन्य असामान्य लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लें.
डॉक्टर जरूरत के अनुसार ब्लड टेस्ट या अन्य जांच करवाकर सही कारण का पता लगा सकते हैं और उसी के अनुसार उपचार शुरू किया जा सकता है.



