‘हिम्मत है तो पकड़ कर दिखाओ…’, रांची पुलिस को खुली चुनौती देने वाला कुख्यात सुपारी किलर कोलकाता से गिरफ्तार, BJP नेता की हत्या समेत कई कांडों का खुलासा​

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची की पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 14 महीनों से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी और सुपारी किलर अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी इतना शातिर था कि वारदातों को अंजाम देने के बाद विभिन्न माध्यमों से रांची पुलिस को “हिम्मत है तो पकड़ के दिखाओ” जैसी खुली चुनौतियां देता था. पुलिस से बचने के लिए उसने मोबाइल फोन का पूरी तरह त्याग कर दिया था, जिससे उसे ट्रेस करना एक बड़ी चुनौती बन गया था.

‘हिम्मत है तो पकड़ कर दिखाओ…’, रांची पुलिस को खुली चुनौती देने वाला कुख्यात सुपारी किलर कोलकाता से गिरफ्तार, BJP नेता की हत्या समेत कई कांडों का खुलासा​

रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार किया गया 32 वर्षीय कुख्यात अपराधी अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा मूल रूप से रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के किशोरगंज का रहने वाला है. उसने महज 22 वर्ष की उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था. उसके खिलाफ रांची के अलावा हजारीबाग और बोकारो जिले के विभिन्न थानों में रंगदारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं.

मोबाइल छोड़ा, प्रतिबंधित ऐप्स के जरिए लेता था सुपारी

पूछताछ में यह बात सामने आई कि अभिषेक गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद के मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था. वह दूसरों का मोबाइल फोन लेकर उसमें प्रतिबंधित ऐप्स डाउनलोड करता था और उन्हीं के माध्यम से हत्या व गोलीबारी की डील्स फाइनल करता था. इसके एवज में उसे लाखों रुपये मिलते थे. शातिराना तरीके से वह घटना के वक्त वारदात वाली जगह से दूरी बनाए रखता था, ताकि पुलिस को उस पर कभी शक न हो.

5 लाख में की थी BJP नेता ‘अनिल टाइगर’ की हत्या

ग्रामीण एसपी के अनुसार, अभिषेक ने स्वीकार किया है कि 26 मार्च 2025 को कांके चौक के पास स्थित एक होटल में बैठे बीजेपी नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की हत्या उसी ने शूटरों के जरिए करवाई थी. इस हत्याकांड के लिए उसे 5 लाख की सुपारी मिली थी. यह पूरी हत्या 10 एकड़ की कीमती जमीन के विवाद को लेकर की गई थी. इस मामले में पुलिस ने शूटर अमन सिंह और रोहित वर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य सरगना अभिषेक वारदात के बाद से ही नाम और पहचान बदलकर कोलकाता में छिपकर रह रहा था.

20 लाख लेकर कारोबारी पर करवाया था जानलेवा हमला

इसके अलावा, 15 अक्टूबर 2025 को नगड़ी थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ के पास ‘शांभवी इंटरप्राइजेज’ के मालिक और कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुए ताबड़तोड़ गोलीकांड के पीछे भी इसी का हाथ था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अभिषेक ने इस काम के लिए 20 लाख की भारीभरकम सुपारी ली थी और दो शूटरों की मदद से कारोबारी पर अंधाधुंध कई राउंड फायरिंग करवाई थी. इस हमले में राधेश्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस मामले में भी दोनों शूटर पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं.

हाल ही में मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने कोलकाता में दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया. रांची पुलिस अब इसके पूरे नेटवर्क और अन्य मददगारों की तलाश में जुट गई है.

Leave a Reply