उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात 17 वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया है. फेरबदल में मंडलायुक्त से लेकर आयुक्त, सचिव और प्रबंध निदेशक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. फेरबदल में खास तौर पर ग्राम्य विकास, आयुष, नियोजन, अर्थ एवं संख्या, जल निगम, अमृत मिशन और सहकारिता जैसे अहम विभाग शामिल हैं. जल निगम और अमृत मिशन में नेतृत्व स्तर पर बदलाव को खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

प्रशासनिक फेरबदल में राजस्व परिषद और मंडलायुक्त स्तर पर भी बदलाव हुआ है. अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल को नए नेतृत्व मिले हैं. सहकारिता और सूचना आयोग में भी नई तैनातियों से प्रशासनिक ढांचे में बदलाव हुआ है.
आंजनेय सिंह को नहीं मिला 8वां सेवा विस्तार
लंबे समय से मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त पद पर तैनात रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी हो गई है. उनका सातवां सेवा विस्तार 14 अगस्त 2026 को समाप्त हुआ और सरकार की ओर से आठवां सेवा विस्तार नहीं दिया गया. इसके बाद अब उन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम वापस भेजे जाने का रास्ता साफ हो गया है.
आंजनेय कुमार सिंह मार्च 2021 से मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त पद पर तैनात थे और करीब साढ़े पांच वर्ष तक इसी पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले वह रामपुर के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं और आजम खान से जुड़े प्रशासनिक मामलों को लेकर खास तौर पर सुर्खियों में रहे. अब अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त रहीं श्रीमती संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है.
संगीता सिंह बनीं मुरादाबाद मंडलायुक्त
इसमें संगीता सिंह को अलीगढ़ मंडलायुक्त से हटाकर मुरादाबाद मंडलायुक्त बनाया गया. वहीं ओम प्रकाश आर्य को सदस्य , राजस्व परिषद प्रयागराज से मंडलायुक्त अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई. इनके अलावा गिरी शंकर प्रियदर्शी को आयुक्त ग्राम्य विकास एवं सचिव ग्राम्य विकास विभाग से हटाकर महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन बनाया गया. आयुष विभाग की मौजूदा महानिदेशक चित्रा वी. को सदस्य , राजस्व परिषद, लखनऊ की जिम्मेदारी मिली.
उत्तर प्रदेश जल निगम में बदलाव
वहीं प्रमोद कुमार उपाध्याय को समाज कल्याण विभाग के सचिव पद से हटाकर आयुक्त ग्राम विकास, उत्तर प्रदेश बनाया गया. रवींद्र कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रबंध निदेशक और अमृत मिशन निदेशक के पद से अवमुक्त किया गया. मासूम अली सरवर को उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रबंध निदेशक और राज्य मिशन निदेशक, अमृत का अतिरिक्त प्रभार दिया गया.
डॉ. राज शेखर को मिली नई जिम्मेदारी
साथ ही मासूम अली सरवर को सचिव नियोजन विभाग और महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या के पद से भी अवमुक्त किया गया है. डॉ. राज शेखर, जो अब तक उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रबंध निदेशक थे, उन्हें सचिव नियोजन विभाग और महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या की जिम्मेदारी दी गई. योगेश कुमार, आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता, को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम बनाया गया.
जबकि कुमार प्रशांत, सचिव उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग, को आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता की जिम्मेदारी दी गई. गुरला श्रीनिवासुलु को सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग से हटाकर सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग बनाया गया. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। अमृता पाल कौर, आईएएस, जो प्रतीक्षारत थीं, उन्हें संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड बनाया गया है.



