
दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक शख्स ने शराब पीने का विरोध करने पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 32 साल की गीता भाटी के तौर पर हुई है। आरोपी पत्नी की हत्या के बाद रातभर उसके शव के बगल में सोता रहा। फिर तड़के घर से फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को बुलंदशहर से आरोपी पति चंद्रपाल भाटी को गिरफ्तार कर लिया है।
चंद्रपाल भाटी का विवाह 11 साल पहले गीता से हुआ था। दंपति को दस साल और 8 साल की दो बेटियां हैं। शादी के कुछ समय बाद से ही दंपति में विवाद होने लगा था। चंद्रपाल कभी एक जगह नौकरी नहीं करता था और शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था। इसी वजह से गीता दोनों बेटियों को लेकर आनंद पर्वत के बलजीत नगर में अपनी मां के पास रहने लगी थी। यहां वह एक फैक्टरी में काम करती थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दस दिन पहले चंद्रपाल बलजीत नगर आया था। उसने पत्नी और सास से माफी मांगी। जिसके बाद वह पत्नी और बेटियों के साथ यहीं रहने लगा। इस घटना के कुछ दिन बाद ही आरोपी ने शराब पीकर पत्नी से मारपीट करने लगा। बताया जाता है कि रविवार रात शराब के नशे में वह पत्नी के कमरे में सोने के लिए गया। गीता ने शराब पीकर आने पर विरोध किया तो दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद आरोपी ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
मासूम बेटी को देखते ही घर से भाग निकला
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी उसके शव के बगल में सो गया। दंपति की दस वर्षीय बेटी ने सोमवार तड़के करीब 4.30 बजे देखा कि पिता उसकी मां की सांस देख रहे थे। इसके बाद आरोपी फरार हो गया और बच्ची ने नानी को घटनाक्रम के बारे में बताया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। पड़ोसियों ने गीता को अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कॉल डिटेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसीपी पटेल नगर सुनील मित्तल की देखरेख में एसआई जितेंद्र कुमार की टीम ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर बुलंदशहर से मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
माचिस मांगने के विवाद में युवक को मार डाला
उधर, कन्हैया नगर में मंगलवार रात माचिस मांगने को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय युवक भवानी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के छह घंटे के भीतर दो युवकों और एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी नरेश बहादुर की निशानदेही पर खून से सना चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, शराब की दुकान के सामने भवानी और आशा राम की आरोपियों से कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर नरेश ने हमला कर दिया था।



