उत्तर प्रदेश के बरेली में परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए ताबीज लेने गई एक महिला के साथ मौलवी के द्वारा रेप की कोशिश का मामला सामने आया है. महिला का आरोप है कि गांव में ताबीज देकर समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले मौलवी साजिद ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. विरोध करने पर आरोपी ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया. महिला की शिकायत पर बिथरी चैनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है.

महिला ने पुलिस को बताया कि वह क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. गांव में साजिद नाम का व्यक्ति लोगों को ताबीज देकर उनकी परेशानियां दूर करने का काम करता है. करीब तीन महीने पहले महिला भी अपनी समस्याओं से छुटकारा पाने की उम्मीद में उसके पास ताबीज लेने गई थी. महिला का आरोप है कि इसके बाद से ही साजिद की नीयत उसके प्रति खराब हो गई. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। वह उस पर गलत नजर रखने लगा और उसका पीछा भी करने लगा.

घर में घुसकर महिला से की छेड़छाड़

महिला के मुताबिक, लोकलाज और बदनामी के डर से उसने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया. उसे उम्मीद थी कि आरोपी अपनी हरकतों से बाज आ जाएगा, लेकिन 20 अक्टूबर की शाम मामला बढ़ गया. आरोप है कि साजिद महिला के घर पहुंचा और उसके भाई से मिलने का बहाना बनाया. जब उसे पता चला कि महिला का भाई घर पर नहीं है, तब भी वह अंदर घुस आया.

महिला ने आरोप लगाया कि साजिद उसे खींचकर कमरे में ले गया और उसकी आवाज दबाने के लिए मुंह में रुमाल ठूंस दिया. इसके बाद उसने महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए रेप करने की कोशिश की. महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने तमंचा निकाल लिया और उसे धमकाने लगा. अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और खुद को बचाने की कोशिश करने लगी. इसी दौरान महिला की बहन वहां पहुंच गई. आरोप है कि बहन को देखकर मौलवी साजिद ने महिला के साथ मारपीट की और दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला. घटना के बाद से महिला डरी हुई थी.

छह दिन बाद थाने पहुंची महिला

महिला ने पुलिस से शिकायत की. इसके बाद बिथरी चैनपुर थाने में साजिद के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई. पुलिस अब महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. आरोपी की तलाश भी की जा रही है.

सीओ हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. मामले में जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.