रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती की ट्रायल दौड़ के दौरान कविता महतो का जज्बा देखने को मिला. कविता साड़ी पहनकर और नंगे पांव 1600 मीटर दौड़ीं. यह दूरी 6 मिनट में पूरी की, जबकि निर्धारित समय 10 मिनट है.

पैरों में जूते नहीं, तन पर साड़ी… फिर भी 1600 मीटर दौड़ीं कविता, होमगार्ड बनने का है सपना

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले में होमगार्ड भर्ती की ट्रायल दौड़ के दौरान एक महिला का जज्बा देखने को मिला. कविता महतो नाम की महिला साड़ी पहनकर और नंगे पांव 1600 मीटर की दौड़ लगाती नजर आई. तेज धूप में बिना जूते के दौड़ती कविता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग महिला के हौसले और मेहनत की तारीफ कर रहे हैं.

284 पदों पर होनी है होमगार्ड की बहाली

रामगढ़ जिले में 284 पदों के लिए होमगार्ड जवानों की बहाली होनी है. इसमें 50 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। इसके अलावा करीब 5 फीसदी पद तलाकशुदा और विधवा महिलाओं के लिए विशेष रूप से आरक्षित किए गए हैं. होमगार्ड यानी गृह रक्षक के पदों के लिए शारीरिक जांच और दौड़ की प्रक्रिया 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जानी है. इससे पहले अभ्यर्थियों की तैयारी के लिए ट्रायल दौड़ कराई गई, जिसमें कविता महतो ने भी हिस्सा लिया.

साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ी कविता

ट्रायल के दौरान कविता महतो साड़ी पहनकर नंगे पांव मैदान में दौड़ती दिखाई दीं. उन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ 1600 मीटर की दौड़ पूरी की. बताया जा रहा कि इस दौड़ के लिए निर्धारित समय 10 मिनट है, लेकिन कविता ने यह दूरी करीब 6 मिनट में पूरी कर ली. कविता की दौड़ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग वीडियो शेयर कर उनके जज्बे की तारीफ कर रहे हैं.

पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी

जानकारी के अनुसार, कविता महतो विधवा हैं. उनके दो छोटे बच्चे हैं. इसके साथ ही उनके ऊपर बुजुर्ग सास-ससुर की जिम्मेदारी भी है. परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कविता होमगार्ड जवान बनने का सपना देख रही हैं. कविता का कहना है कि सरकारी सेवा में आने से वह अपने परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकेंगी. इसी लक्ष्य के साथ वह नियमित रूप से दौड़ की तैयारी कर रही हैं.

24 अक्टूबर से शुरू होगी शारीरिक परीक्षा

होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा में 1600 मीटर दौड़ भी शामिल है. इसके लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर दौड़ पूरी करनी होगी. कविता समेत अन्य महिला अभ्यर्थी रोजाना दौड़ की तैयारी कर रही हैं, ताकि भर्ती परीक्षा के दिन बेहतर प्रदर्शन कर सकें. कविता का नंगे पांव और साड़ी पहनकर दौड़ना अब लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए लोग उनके संघर्ष, हौसले और मेहनत की सराहना कर रहे हैं.