Bareilly Digital Arrest Scam: उत्तर प्रदेश के बरेली में साइबर ठग अब पढ़ेलिखे और समाज में अच्छी पहचान रखने वाले लोगों को भी अपना निशाना बना रहे हैं. ठगों ने इस बार बरेली में सर्किट हाउस चौराहे के पास अपना अस्पताल चलाने वाले नामचीन हकीम खुर्शीद मुराद को निशाना बनाया. साइबर अपराधियों ने उन्हें आतंकियों की मदद करने और 2.50 करोड़ रुपये की फंडिंग से जोड़कर गिरफ्तारी का डर दिखाया. इसके बाद उन्हें रातभर डिजिटल अरेस्ट रखकर मानसिक दबाव बनाया.

ठगों की बातों से हकीम इतने डर गए कि उन्होंने अपना कमरा तक बंद कर लिया और परिवार के लोगों को अंदर आने से मना कर दिया. हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट से दूरी ने उन्हें ठगी का शिकार होने से बचा लिया. दरअसल, हकीम खुर्शीद मुराद की बरेली ही नहीं, देशविदेश तक पहचान है. उनके बेटे डॉ. अमीद मुराद ने बताया कि गुरुवार को उनके पिता के पास व्हाट्सएप कॉल आई थी.

वारंट जारी होने की बात कहकर कार्रवाई का डर दिखाया गया

फोन करने वालों ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताया और कहा कि उनका बैंक खाता पश्चिम बंगाल के हुगली में चल रहा है. इस खाते से आतंकियों को 2.50 करोड़ रुपये की फंडिंग की गई है. ठगों ने यह भी कहा कि एक आतंकी पकड़ा गया है, जिसने पूछताछ में उनका नाम लिया है. उनके खिलाफ वारंट जारी होने की बात कहकर कार्रवाई का डर दिखाया गया. ठगों ने हकीम खुर्शीद को इस तरह डराया कि वह उनकी हर बात मानने लगे.

कमरे में खुद को बंद कर लिया, बेटे से बोले अंदर मत आना

गुरुवार रात उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया. जब बेटा डॉ. अमीद मुराद और परिवार के दूसरे लोग उनसे मिलने पहुंचे तो उन्होंने सभी को वहां से जाने के लिए कह दिया. उन्होंने साफ कहा कि कोई भी कमरे में आने की कोशिश न करे. परिवार के लोगों के लिए पिता का यह व्यवहार बिल्कुल अलग था. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। उन्होंने पहले कभी इस तरह खुद को सबसे दूर नहीं किया था. परिवार को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा क्या हुआ है कि वह किसी से बात नहीं करना चाहते.

बाद में पता चला कि साइबर ठगों ने उन्हें जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर अपने जाल में फंसा लिया है. साइबर अपराधियों ने हकीम से उनके बैंक खातों और पैसों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की. ठगों ने उनका फोन भी चेक कराया, लेकिन उन्हें उसमें ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़ा कोई ऐप नहीं मिला. हकीम के पास एटीएम कार्ड भी नहीं था और वह ऑनलाइन लेनदेन भी नहीं करते हैं.

दहशत में ठगों की बातें मान रहे थे

डॉ. अमीद के मुताबिक, दहशत में उनके पिता ठगों की बातें मान रहे थे. जब उनसे खाते की जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बता दिया कि वह ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल नहीं करते. उनके पास पैसे भेजने का कोई डिजिटल माध्यम नहीं है. इसके बाद ठगों ने उन्हें सुबह बैंक जाकर लेनदेन करने की हिदायत दी. इसी वजह से वह बड़ी ठगी का शिकार होने से बच गए. हकीम खुर्शीद पुलिस के पास पहुंचे.

साइबर थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने फोन करने वाले आरोपियों से संपर्क किया और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी. इसके बाद भी ठग अभद्रता करते रहे. घर पहुंचने के बाद भी आरोपियों ने उन्हें दोबारा फोन करके धमकाने की कोशिश की. साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक, जांच में आरोपियों की लोकेशन दिल्ली में मिली है. उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम काम कर रही है.

साइबर विशेषज्ञों की टीमें मामले की जांच कर रही

दिल्ली पुलिस से भी मदद मांगी जा रही है. साइबर विशेषज्ञों की टीमें मामले की जांच कर रही हैं. बरेली में लगातार डिजिटल अरेस्ट के मामले सामने आ रहे हैं. एक दिन पहले फतेहगंज पूर्वी में भी साइबर ठगों ने रिटायर्ड दरोगा और उनके बेटे को धमकाकर ठगी की कोशिश की थी. समय रहते मामला समझ में आने से दोनों ठगी से बच गए.

पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल पर खुद को पुलिस, सीबीआई या दूसरी जांच एजेंसी का अधिकारी बताने वाले व्यक्ति से डरें नहीं. कोई भी सरकारी एजेंसी व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही इस तरह पैसे ट्रांसफर कराने को कहती है.