
विश्व के सबसे बड़े हाथी ‘पेलियोलेक्सोडोन निमेडीकस’ के मिले अवशेष.
Raisen News: अपने गर्भ में लाखों वर्षों के अनसुलझे रहस्य समेटे नर्मदा घाटी एक बार फिर विश्व भर के वैज्ञानिकों और पुरातत्व शोधकर्ताओं के लिए कौतूहल का केंद्र बन गई है. मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के नर्मदा तट स्थित पतई घाट पर प्रागैतिहासिक काल के एक विशालकाय हाथी का निचला जबड़ा और पसलियों की हड्डियों के दुर्लभ जीवाश्म मिले हैं. वरिष्ठ वैज्ञानिकों के प्रारंभिक विश्लेषण के मुताबिक, यह जीवाश्म करीब 4 से 5 लाख वर्ष पुराना हो सकता है. इसकी बनावट और दांतों की विशिष्ट संरचना के आधार पर इसे धरती पर विचरण करने वाले सबसे विशालतम हाथियों में से एक ‘पेलियोलेक्सोडोन निमेडीकस’ (Palaeoloxodon namadicus) प्रजाति का माना जा रहा है, जिसकी ऊंचाई करीब 4 से 5 मीटर और अनुमानित वजन 18 से 22 टन तक रहा होगा.
पतई घाट पर मिले इस जीवाश्म के जबड़े की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है. इसके दांतों की बनावट, समानांतर कतारें, उभरी हुई धारियां और चौड़ी ठुड्डी इसे प्रागैतिहासिक विशालकाय हाथी पेलियोलेक्सोडोन निमेडीकस से जोड़ने की संभावना को बेहद मजबूत करती हैं. वैज्ञानिकों का मानना है कि यह जीव आधुनिक हाथियों की तुलना में कई गुना विशाल था. हालांकि, इसकी वास्तविक प्रजाति और सटीक आयु की अंतिम पुष्टि के लिए अभी और गहन प्रयोगशाला शोध की आवश्यकता है.
बनेटा और सोहागपुर फॉर्मेशन की परत में दबे थे अवशेष: इस खोज के बाद वरिष्ठ वैज्ञानिकों की एक टीम, जिसमें डॉ. हिटकिशोर गोस्वामी (सेवानिवृत्त वैज्ञानिक, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल), डॉ. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। रवि उपाध्याय, डॉ. कुंवर वजाहत शाह, डॉ. सचिन कुमार और डॉ. मुकेश द्विवेदी शामिल हैं. उन्होंने जीवाश्म और संबंधित भूगर्भीय परत का बारीकी से अध्ययन किया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह जीवाश्म मध्य प्लाइस्टोसीन (Middle Pleistocene) काल की पीली महीन मिट्टी की परत यानी बनेटा और सोहागपुर फॉर्मेशन से प्राप्त हुआ है, जिसका कालखंड लगभग 24 हजार से 5 लाख वर्ष पूर्व तक माना जाता है.
‘स्टेगोडॉन’ से कैसे अलग था ‘पेलियोलेक्सोडोन’?
स्टेगोडॉन (Stegodon): इनकी ऊंचाई करीब 3 मीटर होती थी और इनके दांत मुड़े हुए होते थे. इनके जीवाश्म अपेक्षाकृत नीचे की भूगर्भीय परतों में पाए जाते हैं.
पेलियोलेक्सोडोन (Palaeoloxodon): ये सीधे दांतों वाले अत्यंत विशालकाय हाथी थे, जिनकी ऊंचाई 4 से 5 मीटर तक होती थी. पतई में मिले जबड़े और दांतों की बनावट सीधे तौर पर इसी प्रजाति से मेल खाती है.
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में छठ के दौरान बड़ा हादसा: घाटों पर पोखर में डूबने से तीन युवकों की मौत, सदमे में परिवार
जीवाश्मों का खजाना रही है नर्मदा घाटी
यह पहला मौका नहीं है जब नर्मदा घाटी ने दुनिया का ध्यान खींचा है. इससे पहले सीहोर के हथनौरा में प्रागैतिहासिक मानव कपाल की खोज और नरसिंहपुर के सूरजकुंड क्षेत्र में प्राचीन हाथी के दांत के जीवाश्म मिल चुके हैं. स्वयं पतई क्षेत्र में वर्ष 2010 में भी कई महत्वपूर्ण जीवाश्म खोजे गए थे, जिनमें डायनासोर के अवशेष भी शामिल बताए गए थे. इसके अलावा, इस स्थान से महज एक किलोमीटर दूर उड़ने वाले प्रागैतिहासिक जीवों (Pterosaurs आदि) के जीवाश्म भी प्राप्त हो चुके हैं.
इलाके में और भी हड्डियां दबे होने की संभावना
पीली मिट्टी की परत में इस जबड़े के मिलने के बाद वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि पतई और आसपास के पूरे नर्मदा तट के नीचे अभी और भी कई दुर्लभ हड्डियों के अवशेष दबे हो सकते हैं. इसलिए इस समूचे क्षेत्र में व्यवस्थित उत्खनन, वैज्ञानिक शोध और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं.
वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने पतई और आसपास के नर्मदा क्षेत्र को ‘जीवाश्म संरक्षित क्षेत्र’ (Fossil Protected Area) घोषित करने की पुरजोर मांग उठाई है. जानकारी के मुताबिक, इस ऐतिहासिक क्षेत्र के संरक्षण के लिए यूनेस्को (UNESCO) को भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नर्मदा घाटी के गर्भ में छिपे लाखों वर्ष पुराने इस अमूल्य प्राकृतिक इतिहास को सहेजने के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन कब ठोस कदम उठाते हैं.



