Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव में संचालित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट होने से इलाके में हड़कंप मच गया. हादसे के समय फैक्ट्री में शादीविवाह समारोहों के लिए आतिशबाजी के पटाखे तैयार किए जा रहे थे. विस्फोट के बाद वहां काम कर रही महिलाओं में भगदड़ मच गई. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मुरलीपुर गांव स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से आतिशबाजी के पटाखों का निर्माण किया जा रहा था. रविवार को अचानक हुए विस्फोट के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही मुंडाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने मौके से काम कर रही महिला कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

अवैध पटाखा फैक्ट्री सील

वहीं, मकान मालिक भूपेंद्र को भी हिरासत में लिया गया. जांच के दौरान मकान से भारी मात्रा में तैयार एवं अर्धनिर्मित पटाखे बरामद किए गए. प्रशासन ने नायब तहसीलदार विनीत चौहान की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए मकान को सील कर दिया. बरामद किए गए आतिशबाजी सामग्री और पटाखों को भी नष्ट कर दिया गया. मुंडाली थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि ग्राम मुरलीपुर में एक घर में अवैध रूप से आतिशबाजी के पटाखों का निर्माण किया जा रहा था.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

इसी दौरान विस्फोट की घटना हुई. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की सहायता से स्थिति को नियंत्रित किया. मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे प्रकरण की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पटाखा निर्माण का यह अवैध कारोबार कब से संचालित किया जा रहा था और इसमें किनकिन लोगों की संलिप्तता है. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. बताया जा रहा है कि कैंडल बनाने की आड़ में ये अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी.